सुपौल में हाईवोल्टेज ड्रामा : बेटे के साथ मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला,पति पर दूसरी शादी कर घर से निकालने का आरोप
सुपौल: जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही वार्ड संख्या-4 में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अपने 12 वर्षीय बेटे के साथ मोबाइल टावर पर चढ़ गई. घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीरों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई.
पति परदूसरी शादी करने का आरोप
महिला का आरोप है कि करीब 10 वर्ष पहले मोतीपुर निवासी अमरेंद्र ठाकुर ने दिल्ली-गुरुग्राम में उससे प्रेम विवाह किया था. दंपती का एक 12 वर्षीय बेटा है. विवाहिता का कहना है कि उसके पति ने बाद में दूसरी शादी कर ली और उसे छोड़ दिया.
पुलिस अधिकारियों परठोस कार्रवाई नहीं करने का आरोप
महिला का आरोप है कि न्याय की मांग को लेकर वह कई बार स्थानीय थाना और पुलिस अधिकारियों के पास गई, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. लगातार उपेक्षा से परेशान होकर उसने अपने बेटे के साथ टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन करने का फैसला लिया.
जब तकDM-SP ने आश्वासन नहीं दिया,महिला अपने जिद पर रही
टावर पर मौजूद महिला ने साफ कहा कि जब तक जिला पदाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) मौके पर नहीं पहुंचेंगे और उसे न्याय का भरोसा नहीं देंगे,तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी. महिला की इस जिद के कारण प्रशासन की चिंता बढ़ गई और पुलिसकर्मी लगातार उसे समझाने का प्रयास करते रहे.
आस-पास के इलाके मेंभारी भीड़ जुट गई
घटना के कारण आस-पास के इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने टावर के आस-पास लोगों को दूर रहने की अपील की. काफी समझाने के बाद महिला मोबाइल टावर से नीचे उतरी.