Live

विधानसभा अध्यक्ष ने की हाईलेवल मीटिंग:

आगामी बजट सत्र से पहले सदन में तैयारी को लेकर स्पीकर अवध बिहारी चौधरी ने की हाईलेवल मीटिंग, भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए कई निर्देश

G
GYAN SINGHलेखक

Desk:बिहार विधान सभा के अध्यक्ष अवध विहारी चौधरी ने अपने कार्यालय में भवन निर्माण विभाग के पदाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की.इस मौके पर उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि विधान सभा जनसरोकारों से जुड़ी हुई लोकतंत्र की एक पवित्र और महत्वपूर्ण विधायी संस्था है एवं विधान सभा सचिवालय का कार्य सरकार के सचिवालय से हट कर और भी अत्यधिक संवेदनशील है. इस लिहाज से इस सचिवालय के कार्य हित में यहां की कार्यप्रणाली को दुरूस्त करने के लिए यहां मूलभूत सुविधाओं को विकसित कराना मेरी प्राथमिकताओं में है. जब यहां के कर्मियों को काम करने के अनुरूप बेहतर सुविधा मिलेगी,तब यह सचिवालय भी राज्य के विकास में कदम से कदम मिलाकर अपनी भागीदारी कर सकेगा. इन सुविधाओं को उपलब्ध कराने की दिशा में आप त्वरित कार्रवाई करे.

विधान सभा अध्यक्ष ने आगामी बजट सत्र को देखते हुए सदन के अंदर सभी सदस्यों के बैठने के लिए उनके आसन का जीर्णोद्धार सत्र के पूर्व कर लेने तथा माईक सिस्टम की खामियों को दुरूस्त करने का निर्देश उन्होंने दिया. उन्होंने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को सदन के अंदर सभी सदस्यों तथा प्रेस दीर्घा के लिए नया माईक सिस्टम नया वायरिंग के साथ लगाने के लिए भी शीघ्रता से अग्रेतर कार्रवाई करने का भी निदेश दिया. उन्होंने विधान सभा सचिवालय में कर्मियों के लिए वर्कस्टेशन तैयार करने का भी निर्देश दिया. गर्दनीबाग में बन रहे आवासों में से दो सौ आवासों को बिहार विधान सभा सचिवालय के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के आवासन के लिए विधान सभा पूल में आवंटित करने के लिए भी निर्देशित किया.


उन्होंने सत्र के दौरान विधान सभा आने वाले सदस्यों के अगरक्षकों और निजी सहायकों के लिए एस.बी.आई. ए.टी.एम. के पीछे वाले मैदान में शेड एवं शौचालय बनाने का भी निर्देश दिया. उन्होंने महिला पुलिस कर्मियों के लिए विधान सभा परिसर में बैरक निर्माण तथा उपस्करों को रखने के लिए एक स्टोर रूम भी तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने विधान सभा मुख्य भवन स्थित आगन को भी सौंदर्यकरण करने का भी निर्देश दिया.

उन्होंने विधान सभा के विस्तारित भवन स्थित मंत्रीगण, सचेतकगण तथा सभापतियों के कक्ष में रंगीन टी.वी तथा रिक्लाईनर लगाने का निर्देश भी निर्माण विभाग के पदाधिकारियों को दिया. उपस्थिति पदाधिकारियों ने अध्यक्ष से प्राप्त निर्देशों पर कार्रवाई करने की सहमति दी. इस बैठक में विधान सभा सचिव पवन कुमार पाण्डेय, भवन निर्माण विभाग के विशेष सचिव, मुख्य अभियंता, मुख्य वास्तुविद सहित अभियंतागण भी मौजूद थे.

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें