शिवहर डीएम प्रतिभा रानी की पहल से बदली तस्वीर : अंतिम दौर में बेलवा-देवापुर तटबंध सड़क निर्माण,अब महज 10 मिनट में सफर
शिवहर:वर्षों से बदहाल बेलवा-देवापुर तटबंध सड़क की सूरत अब बदलने लगी है. करीब एक दशक से अधर में लटके सड़क निर्माण का काम अब अंतिम चरण में पहुंच गया है. सड़क बनने के बाद बेलवा से देवापुर तक का सफर, जिसमें पहले करीब 45 मिनट लगते थे, अब महज 10 मिनट में पूरा होने लगा है. सड़क निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों और यात्रियों में खासा उत्साह है.
सड़क निर्माण का कामतेजी से बढ़ रहा आगे
शिवहर की जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने सड़क निर्माण को प्राथमिकता देते हुए शिवहर सीमा तक के हिस्से का निर्माण कार्य पूरा कराया. इसके बाद मोतिहारी यानी पूर्वी चंपारण जिले की सीमा से जुड़े हिस्से के निर्माण के लिए वहां के प्रशासन से समन्वय स्थापित किया गया. दोनों जिलों के बीच बेहतर तालमेल के बाद सड़क निर्माण का काम तेजी से आगे बढ़ा और अब अंतिम दौर में पहुंच गया है.
2021 में बेलवा तक हुआ था सड़क निर्माण
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 में तत्कालीन जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह की पहल पर बेलवा तक सड़क का निर्माण कराया गया था। हालांकि, बेलवा से देवापुर के बीच करीब तीन किलोमीटर का हिस्सा लंबे समय तक बदहाल पड़ा रहा। इस हिस्से पर जगह-जगह गड्ढे, धूल और ऊबड़-खाबड़ रास्ते के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था.कई यात्री इस मार्ग से बचने के लिए लंबा रास्ता तय करने को मजबूर होते थे.
दो जिलों के समन्वय से बदली तस्वीर
बेलवा-देवापुर मार्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा दो जिलों की सीमा से जुड़ा होने के कारण इसके निर्माण में प्रशासनिक समन्वय की जरूरत थी. शिवहर और पूर्वी चंपारण प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल के बाद निर्माण कार्य में तेजी आई. अब सड़क का निर्माण पूरा होने से शिवहर से मोतिहारी के बीच आवागमन पहले की तुलना में काफी आसान और तेज होने की उम्मीद है.
व्यापार,शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा लाभ
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण से केवल यात्रा का समय ही कम नहीं होगा,बल्कि क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और दैनिक आवागमन को भी नई गति मिलेगी. ग्रामीणों को उम्मीद है कि सड़क पूरी तरह तैयार होने के बाद वर्षों से चली आ रही आवागमन की समस्या खत्म होगी और बेलवा-देवापुर सहित आसपास के इलाकों के विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी.45 मिनट से 10 मिनट का सफर बेलवा-देवापुर सड़क अब सिर्फ रास्ता नहीं,बल्कि इलाके के विकास की नई कड़ी बनती नजर आ रही है.