Live

BIHAR NEWS

शिवाजीनगर BDO का सरकारी मोबाइल नंबर हैक, WhatsApp ग्रुप में भेजे गए फर्जी मैसेज; OTP लेने की कोशिश

R
Ravi Prakashलेखक

समस्तीपुर- शिवाजीनगर प्रखंड के बीडीओ बीरेंद्र कुमार सिंह के सरकारी मोबाइल नंबर को साइबर फ्रॉड करने वालों द्वारा हैक किए जाने का मामला सामने आया है। हैकर्स ने बीडीओ के नंबर से जुड़े सरकारी और निजी व्हाट्सऐप ग्रुपों में फर्जी मैसेज भेजकर लोगों से ओटीपी और अन्य जानकारी हासिल करने की कोशिश की।

मामले की जानकारी मिलते ही बीडीओ ने तत्काल सरकारी मोबाइल नंबर को बंद करा दिया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुपों के जरिए लोगों को पूरे मामले की जानकारी दी और साइबर ठगों द्वारा भेजे गए किसी भी संदिग्ध मैसेज को ओपन नहीं करने की अपील की।

बीडीओ बीरेंद्र कुमार सिंह ने लोगों से अपील की कि उनके नंबर से आने वाले किसी भी संदिग्ध मैसेज पर भरोसा न करें और किसी के साथ भी ओटीपी, निजी जानकारी या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें। उन्होंने लोगों को साइबर ठगी से सतर्क रहने को कहा।

बीडीओ ने बताया कि मामले की सूचना स्थानीय शिवाजीनगर थाना को दे दी गई है। साथ ही विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए संबंधित अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और संदिग्ध मैसेज मिलने पर सावधानी बरतें।

रोसड़ा से रंजीत मिश्रा की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें