DELHI NEWS
शिक्षा मंत्री ने नई दिल्ली में रेल राज्य मंत्री से की मुलाकात, पटना-थावे इंटरसिटी का समय बदलने एवं यात्रा अवधि घटाने की मांग की
दिल्ली: बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना से पटना-थावे इंटरसिटी के परिचालन समय में बदलाव और यात्रा अवधि घटाने का आग्रह किया है. दिल्ली प्रवास के दौरान बुधवार को मिथिलेश तिवारी ने रेल भवन में सोमन्ना से मुलाकात की.
उन्होंने इस ट्रेन का परिचालन पटना जंक्शन से सुबह5बजे और थावे जंक्शन से शाम7बजे सुनिश्चित करने की मांग की. अभी यह ट्रेन पटना से दोपहर12.10बजे खुलती है और शाम7बजे थावे पहुंचती है. वापसी में रात8.05बजे थावे से खुल कर तड़के3.20बजे पटना पहुंचती है. तिवारी ने बताया कि प्रतिकूल समय और यात्रा अवधि ज्यादा होने से यात्रियों को भी काफी परेशानी होती है.
दोनों मंत्रियों के बीच गोपालगंज में रेल सुविधाओं के विस्तार और बेहतर कनेक्टिविटी को लेकर भी विमर्श हुआ. तिवारी ने गोपालगंज से दिल्ली सहित प्रमुख महानगरों के लिए नई रेल सेवाएं शुरू करने का आग्रह किया. उन्होंने गोरखपुर-गोपालगंज-मशरख होते हुए पटना के लिए वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग भी रखी. इसके अलावा ताप्ती-गंगा एक्सप्रेस का सिधवलिया स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने,अमृत भारत योजना के तहत बैकुंठपुर और सिधवलिया रेलवे स्टेशनों का विकास,दिघवा दुबौली में आरओबी व आरयूबी निर्माण के कार्य में तेजी लाने का भी अनुरोध किया.
शिक्षा मंत्री ने गोपालगंज के सिधवलिया रेलवे स्टेशन पर नवनिर्मित रैक प्वाइंट के उद्घाटन के लिए रेल राज्य मंत्री को आमंत्रित किया. सोमन्ना ने उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन दिया.
शिक्षा मंत्री तिवारी ने कहा कि गोपालगंज और बैकुंठपुर की जनता की रेल सुविधाओं से जुड़ी अपेक्षाओं को पूरा कराने के लिए मैं निरंतर प्रयासरत हूं. क्षेत्र के विकास,व्यापार,रोजगार,शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी बहुत जरूरी है. क्षेत्रवासियों को सुगम और बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है.
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।