सावन सोमवारी 2025
पलामू में पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी भक्तों की भीड़, बोल बम के जयकारों से गूंजा मंदिर
पलामू : सावन महीने की पहली सोमवारी के अवसर पर पलामू जिले के विभिन्न शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. हर-हर महादेव के जयकारों के बीच श्रद्धालु बेलपत्र, धतूरा, दूध, दही और गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हुए अपनी मनोकामनाएं मांगते दिखे.
शहर के शिवालयों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में भी श्रद्धालु लंबी कतारों में लगकर पूजा-अर्चना करते नजर आए. लोगों ने परंपरागत तरीके से भगवान शिव की पूजा की. कोई मंत्रोच्चार करते हुए भगवान को रिझा रहा था तो कोई भजन और भक्ति गीतों के माध्यम से अपनी श्रद्धा अर्पित कर रहा था.
श्रद्धालुओं का कहना था कि सावन का महीना भगवान शिव का सबसे प्रिय महीना है और सावन की सोमवारी को भोलेनाथ का जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूरी होती है. मंदिरों के आसपास मेला जैसा माहौल रहा. दुकानदारों ने फूल, माला,बेलपत्र और पूजा सामग्री की दुकानें सजा रखी थीं. इस दौरान प्रशासन की ओर से भी मंदिरों के पास सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे.
पलामू से नितेश तिवारी की रिपोर्ट--
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।