सुपौल : ललितग्राम स्टेशन पर सुरक्षा भगवान भरोसे,फुटओवर ब्रिज नहीं, महिलाओं के लिए शौचालय भी नदारद
सुपौल:जिले के ललितग्राम रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है. स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज (एफओबी) नहीं होने के कारण यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक जाने के लिए रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है.इससे हर दिन सैकड़ों यात्रियों की जान जोखिम में रहती है. स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि लंबे समय से इस समस्या की ओर रेल प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया जा रहा है,लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है.
स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेल प्रशासन बेपरवाह
स्टेशन पर ट्रेन के आने और जाने के समय स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है. बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और दिव्यांग यात्रियों को पटरियां पार करने में काफी परेशानी होती है. कई बार लोग जल्दबाजी में ट्रैक पार करते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. यात्रियों का कहना है कि एक छोटी सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.
रेल प्रशासन से फुटओवर ब्रिज की मांग
स्थानीय यात्रियों ने बताया कि स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज की तत्काल आवश्यकता है. उनका कहना है कि रोजाना ट्रैक पार करना मजबूरी बन गया है और कई बार लोग हादसे का शिकार होते-होते बचे हैं। यात्रियों ने रेल प्रशासन से जल्द से जल्द सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था करने की मांग की है।
स्टेशन पर महिलाओं के लिए शौचालय तक नहीं
सिर्फ सुरक्षा ही नहीं, स्टेशन पर महिलाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था भी नहीं है. इससे महिला यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है. महिलाओं का कहना है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ती है. अलग शौचालय नहीं होने से उनकी सुविधा और गरिमा दोनों प्रभावित होती हैं.
स्टेशन पर व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित करने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं किसी भी रेलवे स्टेशन की प्राथमिक जिम्मेदारी होती हैं. इसके बावजूद ललितग्राम स्टेशन पर आवश्यक सुविधाओं का अभाव बना हुआ है. लोगों ने रेल प्रशासन से फुटओवर ब्रिज निर्माण और महिलाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित करने की मांग की है. अब देखना होगा कि रेल प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर कब तक ठोस कदम उठाता है।