Hindi News / बिहार राज्य फसल सहायता योजना के तहत 1.17 लाख किसानों को 104.46 करोड़...

सरकार का तोहफा : बिहार राज्य फसल सहायता योजना के तहत 1.17 लाख किसानों को 104.46 करोड़ की मदद

Edited By:  |
sarkar ka tohfa

पटना: बिहार सरकार ने किसानों को बड़ी राहत दी है। सहकारिता विभाग के मंत्री राम कृपाल यादव ने बिहार राज्य फसल सहायता योजना के तहत खरीफ 2024 के 1 लाख 17 हजार 708 किसानों के बैंक खातों में 104 करोड़ 46 लाख 46 हजार 405 रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी।

मंत्री ने बताया कि आवेदनों के सत्यापन के बाद 714 पंचायतों के पात्र किसानों को यह राशि दी गई है। इस दौरान 9 चयनित किसानों को सांकेतिक रूप से चेक भी प्रदान किया गया।

राम कृपाल यादव ने कहा कि बिहार राज्य फसल सहायता योजना प्राकृतिक आपदा या अन्य कारणों से फसल की उपज में कमी होने पर किसानों को आर्थिक सहारा देती है। योजना के लिए किसानों को किसी तरह का प्रीमियम नहीं देना पड़ता है।

मंत्री ने कहा कि इस साल बाढ़ से प्रभावित किसानों के लिए भी योजना महत्वपूर्ण है। खरीफ 2026 में फसल क्षति से प्रभावित पात्र किसानों को सहायता दी जाएगी। किसानों से अपील की गई है कि वे 31 अक्टूबर तक आवेदन जरूर करें और अंतिम तारीख का इंतजार न करें।

योजना के तहत थ्रेसहोल्ड उपज की तुलना में वास्तविक उपज में 20 प्रतिशत तक कमी होने पर 7,500 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से अधिकतम 2 हेक्टेयर के लिए 15 हजार रुपये तक सहायता मिलेगी। 20 प्रतिशत से अधिक क्षति पर 10 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से अधिकतम 20 हजार रुपये दिए जाएंगे। राशि आधार से जुड़े बैंक खातों में डीबीटी के जरिए भेजी जाएगी।

खरीफ 2024 में धान और मकई पंचायतस्तरीय, जबकि सोयाबीन, आलू, बैंगन, टमाटर और गोभी जिलास्तरीय फसल के रूप में अधिसूचित थीं।

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट