सारण में दिखेगा अद्भुत नजारा : गंगा गरिमा रक्षा समारोह की तैयारी पूरी,काशी-हरिद्वार के तर्ज पर होगी विशेष आरती
सारण: जिले के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व वाले चिरांद में चिरांद विकास परिषद द्वारा आयोजित होने वाले 19वें गंगा महाआरती सह गंगा गरिमा रक्षा समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है. कार्यक्रम को लेकर घाटों की विशेष सजावट की जा रही है, जहां भव्य आरती, दीपों की श्रृंखला और धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से गंगा की निर्मलता और अविरलता का संदेश दिया जाएगा.छपरा डोरीगंज के बंगाली घाट पर इस बार काशी और हरिद्वार जैसा अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा.
चिरांद विकास परिषद पिछले उन्नीस वर्षों से लगातार इस आयोजन के माध्यम से लोगों को गंगा संरक्षण के प्रति जागरूक करता आ रहा है. इस वर्ष कार्यक्रम को और भव्य बनाने की तैयारी की गई है.
बताया जा रहा है कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसके बाद प्रशासनिक और आयोजन समिति की तैयारियां और तेज हो गई हैं.
घाट परिसर में सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा रहा है. आयोजन समिति का कहना है कि इस बार की गंगा महाआरती में काशी और हरिद्वार की तर्ज पर विशेष आरती और वैदिक मंत्रोच्चार किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति होगी.