समस्तीपुर में खाकी पर दाग : ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी नशे में थे धुत,विरोध करने पर दी धमकी
समस्तीपुर:जिले में एक बार फिर खाकी पर सवाल खड़े हो रहे हैं. मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बथुआ बुजुर्ग गांव में डायल-112 टीम पर ड्यूटी के दौरान नशे में होने का गंभीर आरोप लगे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें धमकाया भी गया है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल
बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है. ऐसे में अगर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ही नशे की हालत में पाए जाते हैं, तो यह कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है. इधर घटना की सूचना मिलते ही समस्तीपुर के ट्रैफिक डीएसपी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. उन्होंने कहा है कि जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
एसआई और अन्य पुलिसकर्मी पर नशे में रहने के आरोप
मामला समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बथुआ बुजुर्ग गांव का है. जहां गश्ती के दौरान पुलिस टीम मौजूद थी. ग्रामीणों का आरोप है कि टीम में शामिल एसआई और अन्य पुलिसकर्मी शराब के नशे में धुत थे. स्थानीय लोगों ने जब इसका विरोध किया तो पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को धमकाने की कोशिश की. इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने संबंधित अधिकारी को पकड़ लिया. आरोपित एसआई की पहचान विनोद कुमार सिंह के रूप में हुई है.