सहरसा में चोरों का आतंक चरम पर : बंद घर से 5 लाख के जेवरात चोरी,CCTV भी उखाड़ ले गए
सहरसा: शहर में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा. आए दिन बंद घरों और दुकानों को निशाना बनाया जा रहा है,लेकिन लगातार कई चोरी की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि लगभग हर वारदात में चोरों का तरीका एक जैसा दिखाई दे रहा है. पहले घर के छप्पर या छत के रास्ते से प्रवेश करना,फिर CCTV कैमरे और उसका DVR बॉक्स उखाड़कर साथ ले जाना और लाखों की संपत्ति लेकर फरार हो जाना.ताजा मामला नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर-11स्थित पासवान टोला का है. जहां फिर एक बंद को चोरों ने निशाना बनाया.
जानकारी के अनुसार,यह मकान असम राइफल से वर्ष 2018 में सेवानिवृत्त हुए विनय कुमार ठाकुर का है,जो मूल रूप से नवहट्टा थाना क्षेत्र के मुरादपुर वार्ड-07 के निवासी है. वर्ष 2020 से वह सहरसा के पासवान टोला में अपने परिवार के साथ रह रहे थे.
बताया जा रहा है कि 21जुलाई को विनय कुमार ठाकुर अपनी पत्नी के साथ बेटे से मिलने पुणे गए थे. इसी दौरान मंगलवार की रात शातिर चोरों ने घर की छत का गेट और दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद अलमारी और ट्रंक का ताला तोड़कर करीब 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान चोरी कर लिया.
बुधवार सुबह करीब 7 बजे जब उनके भतीजे मुरारी ठाकुर घर की देखरेख के लिए पहुंचे तो चोरी की घटना का पता चला. उन्होंने तुरंत सदर थाना पुलिस को सूचना दी.
चोर जाते-जाते घर में लगे CCTV कैमरे और उसका DVR बॉक्स भी उखाड़कर अपने साथ ले गए,ताकि उनके चेहरे और वारदात का कोई सबूत न बच सके.घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
लगातार एक जैसी शैली में हो रही चोरी की घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है. सवाल यह उठ रहा है कि आखिर एक ही तरीके से वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह तक पुलिस कब पहुंचेगी? फिलहाल पुलिस जांच की बात कह रही है, लेकिन लगातार हो रही चोरियों ने लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।