RJD पर सुशील मोदी का बड़ा आरोप:
चंद्रशेखर के बयान को अगड़े-पिछड़े की लड़ाई बनाना चाहता है राजद -सुशील मोदी
Desk:पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि श्रीरामचरित मानस की निंदा करने वाले शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के बयान का बचाव कर राजद ने हिंदू समाज को आहत किया और अब वह इसे अगड़े-पिछड़े की लड़ाई बताने की साजिश में लग गया है.
मोदी ने कहा कि'मानस' में सभी हिंदुओं की आस्था है और आज मंडल-कमंडल दोनों भाजपा के साथ हैं.अब लालू प्रसाद बिहार को 1990 के दौर में नहीं लौटा सकेंगे.वह जमाना लद चुका है.उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर के विरुद्ध 30 से अधिक जिलों की सीजेएम अदालत में धारा 153-ए,153-बी,205-ए और 505 के तहत मुकदमे दर्ज हो चुके हैं.
उन्होंने कहा कि आइपीसी की इन धाराओं के अन्तर्गत बोल कर या लिख कर धार्मिक भावनाएँ आहत करने,समाज में धर्म-जाति के आधार नफरत फैलाने और राष्ट्रीय अखंडता पर चोट करने जैसे अपराध में तीन साल तक के कारावास,जुर्माना या दोनों की सजा दी जा सकती है.
उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर के विरुद्ध दायर ये मुकदमें कई संवेदनशील व्यक्तियों एवं सामाजिक संगठनों की ओर से दायर किये गए हैं. पूरे हिंदू समाज में रोष है, लेकिन नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव ने ऐसे बयान की निंदा तक नहीं की.
वहीं उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा की ओर से हर जिले में मानस पाठ कर मानस-विरोधी शिक्षा मंत्री के लिए सद्बुद्धि की कामनाएँ की जा रही हैं. मानस-निंदा के विरुद्ध मंडल-कमंडल दोनों भाजपा के साथ है.
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।