BIHAR NEWS
कोसी बराज पर बढ़ा नदी का दबाव, 2.54 लाख क्यूसेक पानी पार, 3.30 लाख तक पहुंचने का अनुमान
सुपौल- कोसी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे नदी किनारे बसे इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ गई है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट है और संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। डीएम सावन कुमार ने कोसी बराज पर नेपाल और भारतीय अधिकारियों के साथ बैठक कर नदी के जलप्रवाह और संभावित स्थिति की समीक्षा की। डीएम ने बताया कि फिलहाल कोसी बराज से 2.54 लाख क्यूसेक पानी गुजर रहा है, जो इस सीजन में अब तक का सर्वाधिक जलप्रवाह है। जलप्रवाह में और वृद्धि की संभावना जताई गई है। पूर्वानुमान के मुताबिक कोसी बराज पर पानी का डिस्चार्ज 3.30 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है।
बैठक में नेपाल और भारत के संबंधित अधिकारियों ने कोसी नदी के जलप्रवाह, बराज की स्थिति और आगे की संभावित परिस्थितियों को लेकर जानकारी साझा की। प्रशासन की ओर से नदी के जलस्तर और बराज से निकलने वाले पानी की लगातार निगरानी की जा रही है। डीएम ने कहा कि फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन पानी के बढ़ते प्रवाह को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संभावित स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां रखने और लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
कोसी नदी के जलप्रवाह में बढ़ोतरी के कारण बराज और आसपास के इलाकों में प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों के स्तर से जलप्रवाह और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समय रहते जरूरी कदम उठाए जा सकें। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। कोसी बराज से पानी के डिस्चार्ज और आने वाले दिनों में नदी के रुख पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है।
सुपौल से विष्णु गुप्ता की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।