आरपीसी मीडिया कप 2026 : शनिवार को खेला जाएगा सेमीफाइनल, गंगा बनाम मयूराक्षी और स्वर्णरेखा बनाम अमानत आमने-सामने
रांची:जेके क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड में चल रहे आरपीसी मीडिया कप 2026 का रोमांच अब निर्णायक दौर में पहुंच गया है. शुक्रवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई. टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले शनिवार को खेले जाएंगे,जिसमें चारों टीमें फाइनल में जगह बनाने के लिए पूरा दमखम लगाएंगी.
पहला सेमीफाइनल गंगा और मयूराक्षी के बीच खेला जाएगा. गंगा की टीम पूरे टूर्नामेंट में संतुलित प्रदर्शन करती आई है,जबकि मयूराक्षी ने क्वार्टर फाइनल में दमदार जीत दर्ज कर अपने इरादे साफ कर दिए हैं. ऐसे में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर की उम्मीद है.
दूसरा सेमीफाइनल स्वर्णरेखा और अमानत के बीच होगा. स्वर्णरेखा ने क्वार्टर फाइनल में कोयल को 8 विकेट से हराकर शानदार फॉर्म का संकेत दिया है. वहीं अमानत की टीम भी मजबूत संयोजन के साथ मैदान में उतरेगी.
आज का परिणाम
क्वार्टर फाइनल-3 में स्वर्णरेखा ने 137 रन के लक्ष्य को महज 12.1 ओवर में हासिल कर लिया था. आसिफ नईम के ऑलराउंड प्रदर्शन ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. वहीं क्वार्टर फाइनल-4 में मयूराक्षी ने 176 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर 19 रन से जीत दर्ज की थी,जिसमें आमोद साहू का योगदान निर्णायक रहा.
अब शनिवार को होने वाले दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों पर क्रिकेट प्रेमियों की नजरें टिकी हैं. जीतने वाली टीमें खिताबी मुकाबले में जगह बनाएंगी.
क्वार्टर फाइनल-3: कोयल बनाम स्वर्णरेखा
पहले बल्लेबाजी करते हुए कोयल की टीम ने 16 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 137 रन बनाए. अशोक गोप ने 41 रन की अहम पारी खेली,जबकि सुमित कुमार ने 29 रन का योगदान दिया. स्वर्णरेखा की ओर से आसिफ नईम और मोनू कुमार ने घातक गेंदबाजी की. आसिफ नईम ने 3 विकेट 19 रन देकर लिए,जबकि मोनू कुमार ने 3 विकेट 31 रन पर झटके.
138 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्वर्णरेखा की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 12.1 ओवर में 2 विकेट खोकर 143 रन बना लिए. मोनू कुमार ने 49 रन की तेज पारी खेली,जबकि आसिफ नईम ने 37 रन बनाए. विजय कुमार 24 रन बनाकर नाबाद रहे. स्वर्णरेखा ने 8 विकेट से आसान जीत दर्ज की. शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए आसिफ नईम को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
क्वार्टर फाइनल-4: मयूराक्षी बनाम सकरी
दूसरे क्वार्टर फाइनल में मयूराक्षी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में 4 विकेट पर 176 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. शुभमय भट्टाचार्य ने 46 रन बनाए,जबकि आमोद साहू 31 रन बनाकर नाबाद रहे. ओम प्रकाश और मनोज कुमार सिंह ने 28-28 रन की उपयोगी पारियां खेलीं. सकरी की ओर से विधान चंद्रा ने 1 विकेट 18 रन देकर लिया.
177 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सकरी की टीम 16 ओवर में 6 विकेट पर 157 रन ही बना सकी. रूपेश नारायण ने 41 रन, शाहीन अहमद ने 26 और नूतन ने 21 रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य से 19 रन दूर रह गई. मयूराक्षी की ओर से आमोद साहू ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट 4 रन पर झटके, जबकि लाल दिवाकर ने 2 विकेट 21 रन देकर लिए. आमोद साहू को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया.