रक्सौल में डिजिटल क्रिएटर के घर में लूटपाट
आधी रात हथियारबंद बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम,बंधक बनाकर नगद और गहने लेकर फरार
पूर्वी चंपारण के रक्सौल में हथियारबंद बदमाशों ने डिजिटल क्रिएटर के घर में घुसकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। घटना दरपा थाना क्षेत्र के तिनकोनी गांव के पश्चिम टोला की है। मंगलवार देर रात बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर घर में रखी नकदी और गहने लूट लिए।
पीड़ित डिजिटल क्रिएटर त्रिलोकी कुमार करीब एक वर्ष से पश्चिम टोला में परिवार के साथ रह रहे हैं। उनकी पत्नी चंदा देवी के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे परिवार के सभी छह सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। इसी दौरान कई हथियारबंद बदमाश घर में घुस आए।
बदमाशों ने त्रिलोकी कुमार पर बंदूक सटाकर उन्हें बंधक बना लिया और जान से मारने की धमकी दी। परिवार के छोटे बच्चे को भी अपने कब्जे में लेकर बदमाशों ने रुपये और गहने देने को कहा। सामान देने में देरी होने पर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट और धमकी देने का आरोप है।
चंदा देवी ने अलमारी की चाबी बदमाशों को दे दी। इसके बाद बदमाशों ने अलमारी खोलकर उसमें रखी नकदी और गहने निकाल लिए। पीड़ित परिवार के मुताबिक, बदमाश लगातार परिवार के किसी सदस्य को नुकसान पहुंचाने की धमकी दे रहे थे।
वारदात के बाद बदमाश पांच-छह बाइक से मौके से फरार हो गए। हालांकि, बदमाशों की सही संख्या और उनकी पहचान अभी स्पष्ट नहीं है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।