संसद रत्न पुरस्कार 2025
गोरखपुर सांसद की संसदीय सक्रियता को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान
DELHI : गोरखपुर से भाजपा सांसद और भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार रवि किशन को संसद रत्न पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया जाएगा। संसद में निरंतर उपस्थिति प्रभावी बहस और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उन्हें आगामी जुलाई 2025 के अंतिम सप्ताह में आयोजित होने वाले 15वें संसद रत्न पुरस्कार समारोह में प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार की घोषणा के बाद रवि किशन ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गोरखपुर की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान मेरे लिए नहीं बल्कि गोरखपुर की जनता की जीत है यह पुरस्कार मेरी जिम्मेदारी और बढ़ा देता है।
रवि किशन ने संसद में शिक्षा, युवाओं के रोजगार, फिल्म उद्योग, सीमा सुरक्षा और पूर्वांचल के विकास जैसे अहम मुद्दों पर जोरदार तरीके से आवाज़ उठाई है। उनकी लगातार उपस्थिति सक्रिय भागीदारी और जनता से जुड़े सवालों ने उन्हें देशभर के प्रभावशाली सांसदों में शामिल कर दिया है। संसद रत्न पुरस्कार की शुरुआत साल 2010 में प्राइम पॉइंट फाउंडेशन और ई-मैगज़ीन प्रीसेंस ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के सुझाव पर की थी। खुद डॉ. कलाम ने चेन्नई में आयोजित पहले समारोह का उद्घाटन किया था।अब तक इसके 14 संस्करणों में 125 से ज्यादा सांसदों और संसदीय समितियों को सम्मानित किया जा चुका है। यह पुरस्कार सिविल सोसाइटी की पहल है और इसका मकसद है संसद में जवाबदेह और सक्रिय जनप्रतिनिधियों को पहचान देना।
संसद रत्न पुरस्कारों के लिए चयन एक जूरी समिति करती है, जिसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (NCBC) के चेयरमैन हंसराज अहीर कर रहे हैं। समिति में पूर्व पुरस्कार विजेता सांसद, सिविल सोसाइटी के सदस्य और संसदीय विशेषज्ञ शामिल होते हैं। चयन पूरी तरह सांसदों के आधिकारिक प्रदर्शन पर आधारित होता है। इसमें पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च और लोकसभा/राज्यसभा सचिवालय से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर बहस, प्रश्न और निजी विधेयकों जैसे मापदंडों पर मूल्यांकन होता है। 2025 में लोकसभा और राज्यसभा के 17 सांसदों और 2 संसदीय स्थायी समितियों को संसद रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया है। इनमें से चार सांसदों को विशेष उत्कृष्टता श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।