BREAKING NEWS
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, 3 नवंबर को बहरागोड़ा में करेंगी विश्राम; सुरक्षा तैयारियों का डीसी-एसएसपी ने लिया जायजा
5नवंबर को वापसी के दौरान भी बहरागोड़ा फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में रुकेंगी राष्ट्रपति,सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग और चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनाती के निर्देश
जमशेदपुर: देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी3 नवंबर को बहरागोड़ा आगमन को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासनिक और पुलिस महकमे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त राजीव रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एहतेशाम वकारिब और जिला वन पदाधिकारी (डीएफओ) शबा आलम ने अधिकारियों की टीम के साथ बहरागोड़ा स्थित फॉरेस्ट गेस्ट हाउस का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गेस्ट हाउस परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, विधि-व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रपति के आगमन से पहले सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
कलाइकुंडा एयरबेस से सड़क मार्ग से पहुंचेंगी बहरागोड़ा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू3 नवंबर को दिल्ली से वायुसेना के विशेष विमान से पश्चिम बंगाल के कलाइकुंडा एयरबेस पहुंचेंगी। यहां से वे सड़क मार्ग से झारखंड के बहरागोड़ा होते हुए ओडिशा के मयूरभंज जिले स्थित अपने पैतृक गांव रायरंगपुर के लिए रवाना होंगी।
इस दौरान राष्ट्रपति बहरागोड़ा फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में कुछ समय के लिए विश्राम करेंगी और दोपहर का भोजन भी ग्रहण करेंगी। वहीं, 5 नवंबर को रायरंगपुर से दिल्ली लौटने के दौरान भी राष्ट्रपति बहरागोड़ा फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में रुकेंगी। इसके बाद सड़क मार्ग से कलाइकुंडा एयरबेस पहुंचकर दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की चूक न हो, इसके लिए प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गेस्ट हाउस परिसर और आसपास के इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
सुरक्षा के मद्देनजर गेस्ट हाउस परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बैरिकेडिंग करने तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं को भी दुरुस्त रखने को कहा गया है।
निरीक्षण में कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान बहरागोड़ा प्रखंड विकास पदाधिकारी केशव भारती, अंचल अधिकारी राजाराम सिंह मुंडा सहित क्षेत्र के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी और अन्य प्रशासनिक कर्मी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है।
रांची से विनोद केशरी की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।