Jharkhand News
रांची के मोरहाबादी मैदान में होगा भव्य रावण दहन, 70 फीट का रावण और सोने की लंका आकर्षण का केंद्र
रांची: राजधानी रांची में विजयादशमी के अवसर पर मोरहाबादी मैदान में भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस बार कार्यक्रम में70 फीट ऊंचे रावण, 65 फीट के कुंभकर्ण और60 फीट के मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके साथ ही दो मंजिला सोने की लंका, भव्य आकाशीय एवं जमीनी आतिशबाजी और राम दरबार की जीवंत झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र होगी।
शाम5बजे होगा रावण दहन
कार्यक्रम को लेकर मोरहाबादी मैदान में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन समिति के मुताबिक, शाम5 बजे रावण दहन किया जाएगा। इस मौके पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार भी मौजूद रहेंगे। विजयादशमी के इस भव्य आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
सोने की लंका और आतिशबाजी होगी खास
इस बार आयोजन में दो मंजिला सोने की लंका विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। वहीं, आकाशीय और जमीनी आतिशबाजी के जरिए विजयादशमी के उत्सव को भव्य रूप दिया जाएगा। राम दरबार की जीवंत झांकी के माध्यम से भगवान श्रीराम की विजय और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाएगा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूरे आयोजन स्थल पर ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्वयंसेवकों (वॉलंटियर्स) की तैनाती भी की जाएगी।
मोरहाबादी मैदान में होने वाला यह आयोजन रांची के प्रमुख दशहरा उत्सवों में शामिल है। भव्य पुतलों, आकर्षक झांकियों और आतिशबाजी के बीच लोग विजयादशमी का पर्व मनाएंगे।
रांची से करिश्मा सिन्हा की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।