Jharkhand News
रांची के मोरहाबादी मैदान में भव्य रावण दहन, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रिमोट दबाकर किया दहन
रांचीः राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में दशहरा के अवसर पर भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर रावण के पुतले का दहन किया। रावण दहन देखने के लिए मैदान में भारी संख्या में लोग जुटे। पूरे आयोजन के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, भाजपा विधायक सीपी सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान तीनों पुतलों का दहन किया गया। भाजपा विधायक सीपी सिंह ने मेघनाथ के पुतले का दहन किया, जबकि रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कुंभकर्ण के पुतले को आग के हवाले किया। वहीं, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रावण के पुतले का दहन किया।
सुरक्षा के रहे व्यापक इंतजाम
रावण दहन कार्यक्रम को देखने के लिए मोरहाबादी मैदान में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। लोगों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशासन सतर्क रहा।
दशहरा के इस आयोजन के साथ ही बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। रावण दहन के दौरान मैदान में उपस्थित लोगों ने उत्साह के साथ पर्व मनाया और विजयादशमी की खुशियां साझा कीं।
रांची से राहुल कुमार री रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।