JHARKHAND CRIME
रजरप्पा में ब्राउन शुगर तस्करी का खुलासा, 5.88 ग्राम नशीले पदार्थ के साथ 6 गिरफ्तार
रामगढ़: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रजरप्पा थाना क्षेत्र में पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की कथित खरीद-बिक्री में शामिल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5.88 ग्राम ब्राउन शुगर, दो स्कूटी और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि रजरप्पा प्रोजेक्ट क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद एसडीपीओ आलोक रंजन के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम को बोरोबिन पुल के समीप घेराबंदी कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई। इसी दौरान टीम ने महुआटांड की ओर से आ रहे तीन कथित खरीदारों और रजरप्पा प्रोजेक्ट क्षेत्र में मौजूद तीन अन्य लोगों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 5.88 ग्राम ब्राउन शुगर, दो स्कूटी और तीन मोबाइल फोन बरामद किए। इसके बाद सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूरे नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी पुलिस
इस कार्रवाई को रजरप्पा क्षेत्र में सक्रिय नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई में कथित खरीदारों के साथ-साथ नशीले पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है। इससे इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और आपूर्ति के स्रोत का पता चलने की उम्मीद है।
एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि एसपी मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी करना नहीं, बल्कि खरीद-बिक्री और आपूर्ति से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करना है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ब्राउन शुगर की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
रामगढ़ से मुकेश सिंह की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।