राजधानी में बढ़ी चेन स्नैचिंग
कुर्जी और गर्दनीबाग में वारदात,मामले की जांच जारी
पटना: राजधानी में बुधवार सुबह चेन स्नैचिंग की दो वारदातों से हड़कंप मच गया। पहली घटना दीघा थाना क्षेत्र के कुर्जी इलाके में हुई, जबकि दूसरी घटना गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में सामने आई। दोनों घटनाओं में बाइक सवार बदमाशों ने कुल लाखों रुपये की कीमत की सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।
कुर्जी इलाके में घटना सुबह करीब आठ बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पीड़ित अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक और युवती वहां पहुंचे और मौका मिलते ही गले से करीब सात लाख रुपये कीमत की चेन झपटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही दीघा थानाध्यक्ष अवनीश कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
वहीं, गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में राकेश सिंह सब्जी खरीद रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार युवती ने उनके गले से करीब पांच लाख रुपये की चेन झपटी और फरार हो गई। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
कुर्जी मामले में पुलिस ने पिस्टल के बल पर चेन छिनतई की बात से इनकार किया है। थानाध्यक्ष के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
कुछ दिन पहले कंकड़बाग पुलिस ने चेन स्नैचिंग से जुड़े बंटी-बबली समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार किया था। हालांकि कुर्जी की ताजा घटना में गिरफ्तार गिरोह की संलिप्तता की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।