Jharkhand News
45 मिनट की बारिश में राजधानी जलमग्न, सड़कों पर बहा नाले का पानी
न्यूज़ डेस्क/रांची: राजधानी में 45 मिनट की झमाझम बारिश से रविवार को मौसम तो सुहाना हो गया, लेकिन जाम नालियों के कारण शहर की सड़कें जलमग्न हो गयीं. बारिश का पानी सड़क से होते हुए नाले में तो गया, लेकिन थोड़ी ही देर में पानी नाले को ओवरफ्लो करते हुए वापस सड़क पर बहने लगा. भारी बारिश के कारण कांटाटोली-बहू बाजार मार्ग में पेट्रोल पंप के समीप सड़क का नजारा नदी जैसा हो गया था. फ्लाइओवर निर्माण के कारण यहां एक साइड का नाला बंद है. इस कारण बारिश का पानी सड़क पर ही बह रहा था. पानी की रफ्तार यहां इतनी अधिक थी कि वाहन चालकों को यहां से वाहन लेकर गुजरने में परेशानी हो रही थी. बारिश से रातू रोड कब्रिस्तान के समीप भारी जलजमाव हो गया था. इस जलजमाव के कारण वाहन चालक धीरे-धीरे वहां से गुजर रहे थे. यहां भी सड़क पर नाली का गंदा पानी बह रहा था. बारिश के कारण क्लब रोड में नाली का गंदा पानी आकर थम गया. एक घंटा तक बारिश का यह पानी सड़कों पर ही जमा रहा. हालांकि बारिश कम होने के बाद पानी नाले से निकल गया. लेकिन कचरा सड़क पर ही पसरा रहा. भारी बारिश से सेवा सदन पथ पूरी तरह जलमग्न हो गया था. यहां पता ही नहीं चल रहा था कि सड़क कहां है और नाली कहां है.
वहीं, तेज बारिश के कारण रांची के कई इलाकों में सुरक्षा के मद्देनजर बिजली बंद कर दी गयी. लेकिन कई डिविजन में बारिश के दौरान बिजली के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा. रांची सेंट्रल डिविजन में दो जगहों पर फ्यूज उड़ने की शिकायत आयी और ब्रांबे में एक जगह जंफर कटने की शिकायत आयी. वहीं, कोकर रूलर से जुड़े सकुर्लर रोड का इलाका, डंगराटोली, लालपुर, वर्धमान कंपाउंड, कडरू, मणिटोला डोरंडा, फिरदौस नगर, हिंदपीढ़ी, पुंदाग, जोहारनगर, बहुबाजार, चुटिया, कृष्णापुरी, सेक्टर टू, धुर्वा, रिंग रोड का क्षेत्र, ओरमांझी, ब्रांबे सहित रिंग रोड से सटे कांके क्षेत्र के अन्य इलाकों में देर तक बिजली नहीं रही.
रविवार को राजधानी रांची में 25 मिमी के आसपास बारिश हुई. भारत मौसम विज्ञान केंद्रके रांची स्थित मौसम केंद्र का पूर्वानुमान है कि संताल परगना और पलामू प्रमंडल में अभी एक-दो दिनों तक भीषण गर्मी पड़ती रहेगी. वहीं, राजधानी और आसपास के लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलेगी.इस बीच मौसम विभाग ने कहा है कि 13 से 18 जून के बीच मानसून झारखंड पहुंच सकता है.
न्यूज़ डेस्क
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।