पूर्वी चंपारण : शिक्षकों पर कार्रवाई को लेकर विवाद,शिक्षा विभाग के अधिकारियों के खिलाफ बढ़ा आक्रोश
पूर्वी चंपारण:जिले में शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर नया विवाद सामने आया है. समग्र शिक्षा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) और दरियापुर डायट के प्राचार्य की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं. मामला गर्मी की छुट्टियों के दौरान आयोजित प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों पर की गई कार्रवाई से जुड़ा है.
जानकारी के अनुसार, डीपीओ समग्र शिक्षा ने प्रशिक्षण में शामिल नहीं होने वाले 66 शिक्षकों को शो कॉज नोटिस जारी किया है. वहीं, दरियापुर डायट के प्राचार्य ने 79 शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को पत्र भेजा है. यह कार्रवाई 1 जून से 5 जून के बीच आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ की गई है.
शिक्षकों का कहना है कि गर्मी की छुट्टियों के दौरान प्रशिक्षण आयोजित किए जाने का उन्होंने पहले ही विरोध किया था. इस विरोध के बाद राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) के निदेशक सज्जन आर ने मामले में हस्तक्षेप किया था. बताया जाता है कि बाद में जारी संशोधित पत्र में स्पष्ट किया गया था कि प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ किसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी.
इसके बावजूद पूर्वी चंपारण में शिक्षकों को शो कॉज नोटिस जारी किए जाने और कार्रवाई की अनुशंसा किए जाने से शिक्षकों में नाराजगी बढ़ गई है. शिक्षक संगठनों का आरोप है कि जब SCERT स्तर से कार्रवाई नहीं करने का निर्देश दिया गया था, तब स्थानीय अधिकारियों द्वारा इस तरह की कार्रवाई करना नियमों और निर्देशों की अवहेलना है.
डीईओ, डीपीओ समग्र शिक्षा और संबंधित अधिकारियों के रवैये को लेकर शिक्षकों में व्यापक आक्रोश देखा जा रहा है. शिक्षक संगठन इस मामले में उच्च स्तर पर शिकायत दर्ज कराने और कार्रवाई वापस लेने की मांग कर रहे हैं. अब सभी की नजर शिक्षा विभाग के अगले कदम पर टिकी हुई है.