पूर्णिया में करोड़ों की ठगी : एक दिन के लिए किराए में ऑफिस खोलकर सैकड़ों महिलाओं को लगाया चूना, सभी फरार
पूर्णिया:जिले में करोड़ों रुपए के फर्जीवाड़ा का मामला सामने आया है. एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी ने महज एक दिन के लिए किराए में ऑफिस खोलकर सैकड़ों लोगों के साथ करोड़ों रुपए की ठगी कर ली है. जब लोगों को पता चला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गये. लिहाजा लोगों ने थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करवाई है. इससे पहले कंपनी के एजेंट ने ग्रामीण इलाके में घूम-घूम कर सिर्फ पूर्णिया जिले में 300 से अधिक लोगों से खाता खुलवाने के नाम पर पांच हजार रुपये लिया और उन्हें आश्वासन दिया कि उसे 1 लाख 60,000 रुपए लोन दिया जाएगा.
खाता खुलवाने के नाम पर फर्जीवाड़ा
पीड़ित दर्जनों महिलाओं का कहना है कि राहुल कुमार और मिथुन कुमार नाम के शख्स उनके घर पर पहुंचे और उन लोगों से खाता खुलवाने के नाम पर पांच-पांच हजार रुपया लिये. ये बोलकर लिए कि दूसरे दिन उनके खाते में 1 लाख 60,000 रुपए आ जाएगा, लेकिन जब रुपये नहीं आया तो लोगों ने फोन करना शुरू किया तो कंपनी वाले ने फोन नहीं उठाया. जब कार्यालय पहुंचा तो देखा कि जीरो माइल पर स्थित कार्यालय में ताला लगा था. जिसके बाद महिलाओं ने वहां जमकर हंगामा किया, फिर मकान मालिक को पकड़ कर सदर थाना ले गया. जहां उन्होंने आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की गुहार लगाई.
करोड़ों रुपए लूटने के बाद सभी पदाधिकारी फरार
महिलाओं ने बताया कि उन लोगों को सरकारी बैंक का झांसा देकर करोड़ों रुपए लूटने के बाद सभी पदाधिकारी फरार हो गए. वहीं, जिस किराए के मकान में इन लोगों ने ऑफिस खोला था उसके मालिक माहिर अख्तर ने कहा कि बेगूसराय निवासी राहुल कुमार 31 मई को उनसे किराए पर कमरा लिया था. जिसका उन्होंने एग्रीमेंट भी बनाया था, जिसमें 22 हजार मासिक किराया देने और 1 लाख एडवांस देने की बात हुई, लेकिन उन्होंने एडवांस की राशि नहीं दी.
माइक्रो फाइनेंस लिमिटेड कंपनी के नाम परलोन देने की बात पर ठगी
पांच जून को जब सैकड़ों महिलाएं आकर शटर तोड़ने लगे तो वह नीचे आए तो महिलाओं ने बताया कि सहायता माइक्रो फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के नाम पर उन लोगों को लोन देने के बात कहकर सभी से पांच हजार रुपये खाता खुलवाने के नाम पर लिया गया. करीब 400 लोगों से खाता खुलवाया गया. उन्होंने कहा कि 3 जून को इन लोगों ने ऑफिस खोलकर उद्घाटन किया और उसी शाम ऑफिस बंद कर सब फरार हो गया.
एक दिन के लिए ऑफिस खोला गया उसी दिन शाम तक सभी फरार
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. वहीं, सदर एसडीपीओ वन अभिनव पाराशर ने कहा कि यह पूरी तरह ठगी का मामला है. एक दिन के लिए ही ऑफिस खोला गया और उसी दिन कई लोगों से पैसे लेकर कंपनी भाग गई. इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है और मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी पहचान की जा रही है. जल्द ही कार्रवाई होगी.