Hindi News / प्रशांत किशोर ने BJP के गढ़ में दर्ज की शानदार जीत

बांकीपुर उपचुनाव में बड़ा उलटफेर : प्रशांत किशोर ने BJP के गढ़ में दर्ज की शानदार जीत

Edited By:  |
Prashant Kishor registered a spectacular victory in the BJP's stronghold.

पटना: बिहार की राजनीति में बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव का नतीजा बड़ा सियासी उलटफेर लेकर आया है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बांकीपुर सीट पर शानदार जीत दर्ज कर अपनी चुनावी पारी का आगाज किया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार को करीब 19,324 वोटों के अंतर से हराया है ।

बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है। तीन दशक से बीजेपी का कब्जा रहने वाली इस सीट पर जन सुराज की जीत को बिहार की बदलती राजनीतिक तस्वीर के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बांकीपुर में प्रशांत किशोर की जीत सिर्फ एक विधानसभा सीट का नतीजा नहीं है, बल्कि इसे बिहार की राजनीति में नए राजनीतिक समीकरणों के संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है। लंबे समय से बीजेपी के प्रभाव वाले क्षेत्र में जन सुराज की जीत ने राजनीतिक दलों के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी है।चुनाव परिणाम सामने आने के बाद जन सुराज समर्थकों में उत्साह का माहौल है। वहीं, बीजेपी के गढ़ में मिली इस हार को लेकर राजनीतिक विश्लेषण का दौर भी शुरू हो गया है।

जीत के बाद प्रशांत किशोर ने इसे अपनी व्यक्तिगत जीत के बजाय जनता की जीत बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यह परिणाम बिहार की जनता के जनादेश को दर्शाता है। प्रशांत किशोर ने कहा कि यह जनता की जीत है और बांकीपुर के मतदाताओं ने अपना फैसला स्पष्ट रूप से सुना दिया है। उनके इस बयान के बाद बिहार की सियासत में बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।

बांकीपुर के इस नतीजे ने जन सुराज को बिहार की राजनीति में एक नई ताकत के रूप में चर्चा में ला दिया है। अब देखना होगा कि इस जीत का असर आने वाले चुनावों और राज्य के राजनीतिक समीकरणों पर कितना पड़ता है।

कशिश न्यूज़ डिजिटल डेस्क पटना