प्रधानाध्यापक से हाथापाई का वायरल वीडियो
गोपालगंज के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय का मामला,शिक्षा विभाग ने लिया संज्ञान,जांच के आदेश
गोपालगंज: जिले के बरौली प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बघैची के प्रधानाध्यापक के साथ हाथापाई और गाली-गलौज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले का संज्ञान लिया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने पूरे मामले की जांच के लिए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया है. अधिकारियों से 24 घंटे के अंदर साक्ष्य सहित तथ्यपरक जांच रिपोर्ट मांगी गई है.
दरअसल, विद्यालय परिसर में हुई कथित घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में प्रधानाध्यापक के साथ कुछ लोगों द्वारा हाथापाई और गाली-गलौज किए जाने का दावा किया जा रहा है. मामले को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि घटना से संबंधित वायरल वीडियो के आधार पर जांच के लिए पत्र जारी किया गया है.
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने यह भी कहा कि प्रधानाध्यापक द्वारा छात्रों के साथ कथित रूप से अनुचित व्यवहार किए जाने की बात भी सामने आई है. हालांकि,पूरे मामले की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी. जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।