Live

Bihar News

सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में एक्शन में पुलिस, जांच के लिए बनी SIT, सरगना समेत 9 सेटर गिरफ्तार

P
Prasoon Pandeyलेखक

PATNA : बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले की जांच अब बिहार पुलिस की SIT करेगी। यह एसआईटी आर्थिक अपराध इकाई के DIG मानवजीत सिंह ढिल्लन के सीधे नियंत्रण में काम करेगी, जिसमें उनके सहयोग के लिए इओयू के एसपी सुशील कुमार सहित 6 डीएसपी, 13 इंस्पेक्टर और दारोगा रैंक के 2 पुलिस अधिकारियों को रखा गया है।

एक्शन में EOU

EOU के ADG नैयर हसनैन खान ने इस कांड से जुड़ी समीक्षा बैठक करते हुए इसमें अबतक हुई कार्रवाई और आगे के अनुसंधान पर मंथन किया। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय चयन पर्षद की परीक्षा में अनियमितता को लेकर विभिन्न जिलों में 74 प्राथमिकियां दर्ज हुई हैं। इनका टेकओवर इओयू में किया है।

EOU के DIG करेंगे मॉनिटरिंग

एडीजी के स्तर से ही सभी कांडों की लगातार मॉनिटरिंग और समीक्षा की जाएगी। इओयू के अलावा जिला पुलिस भी थानों में दर्ज कांडों की जांच कर रही है। पेपर लीक और अनियमितता में गिरफ्तार 150 आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सॉल्वर गैंग के 9 सेटर गिरफ्तार

इधर, सिपाही भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में पुलिस ने सॉल्वर गैंग के 9 सेटरों को गिरफ्तार किया है। लखीसराय के पुलिस कप्तान के मुताबिक अनुसंधान के क्रम में पता चला कि पूर्व में जेल भेजे गये सॉल्वर गैंग का प्रमुख सदस्य गगन कुमार लखीसराय में फिजिकल ट्रेनिंग की आड़ में सिपाही भर्ती की परीक्षा की सेटिंग में लिप्त था। इसके बाद सिकंदरा निवासी अर्जुन केवट के बेटे गगन को पकड़ा गया। जब गगन के बैंक खाते को खंगाला गया तो उसमें कई संदिग्ध ट्रांजेक्शन की जानकारी मिली।

गैंग का सरगना भी गिरफ्तार

आपको बता दें कि सिपाही भर्ती परीक्षा में शुक्रवार की रात तारामंडल के पास से गैंग के सरगना बिहटा निवासी अभिमन्यु कुमार को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें