आर. अश्विन के संन्यास पर PM मोदी ने लिखी चिट्ठी
कहा : ऑफ ब्रेक की उम्मीद थी...आपने कैरम बॉल फेंक दे दिया चकमा, जर्सी नंबर-99 की हमेशा खलेगी कमी
SPORTS DESK : देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले ऑफ स्पिनर रविचंद्र अश्विन को एक यादगार लेटर लिखा है और भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान को सराहा है। इस पत्र के जरिए पीएम मोदी ने उन्हें भविष्य की शुभकामनाएं भी दी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लेटर में लिखा है कि ऐसे समय में जब हर कोई और ज्यादा ऑफ-ब्रेक की उम्मीद कर रहा था, आपने एक ऐसी कैरम बॉल फेंकी, जिसने सभी को चकमा दे दिया। लोगों को जर्सी नंबर-99 की कमी खलेगी। गौरतलब है कि अश्विन ने 18 दिसंबर को गाबा टेस्ट के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया था।
PM मोदी ने अश्विन के अचानक रिटायरमेंट पर कहा कि आपके संन्यास ने भारत के साथ-साथ वर्ल्ड क्रिकेट में प्रशंसकों को चकित कर दिया। हम सभी आपसे और भी ज्यादा ऑफ ब्रेक का इंतजार कर रहे थे और आपने कैरम बॉल फेंककर चकमा दिया। आपके लिए यह निर्णय लेना आसान नहीं रहा होगा। खासकर जब आप भारत के लिए बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे थे।
पीएम मोदी ने लिखा कि 2022 टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी गेंद पर आपके शॉट ने खूब तालियां बटोरी थीं। जिस तरह से आपने गेंद को छोड़ा। उसे वाइड बॉल बनने दिया, उससे आपकी सूझबूझ का पता चलता है।
प्रधानमंत्री ने लिखा कि हम सभी को वह पल याद है, जब आपकी मां अस्पताल में भर्ती थीं और आपने मैदान में वापसी की। साथ ही चेन्नई में जब बाढ़ की स्थिति थी और आप अपने परिवार से संपर्क नहीं कर पा रहे थे। जिस तरह से आप साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलते रहे, वे खेल के प्रति आपकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
पीएम मोदी ने अश्विन के करियर की अचीवमेंट के लिए सराहा। उन्होंने लिखा कि आपके विकेट, रन और सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द सीरीज की ट्रॉफी ने टीम की सफलता में अहम योगदान दिया। अपने डेब्यू टेस्ट में ही 5 विकेट लिए। वन-डे वर्ल्ड कप-2011, चैंपियंस ट्रॉफी-2013 और ICC क्रिकेटर ऑफ द ईयर जैसी अचीवमेंट ने आपको भारतीय टीम का अहम सदस्य बनाया। लोग जर्सी नंबर-99 की कमी को हमेशा महसूस करेंगे। क्रिकेट प्रेमी हमेशा उस पल को याद करेंगे, जब आपने क्रिकेट के मैदान पर कदम रखा था।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।