Live

PM मोदी के झारखंड दौरे के दौरान लापरवाही

अचानक प्रधानमंत्री की गाड़ी के आगे आ गई महिला, 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

रांची : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दो दिवसीय झारखंड दौरे के दौरान बुधवार को काम में लापरवाही बरतने के कारण एक सहायक अवर निरीक्षक,एक हवलदार एवं एक आरक्षी को निलंबित कर दिया गया है. रांची एसएसपी ने इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया है. दरअसल पीएम के गाड़ी के सामने अचानक एक महिला के आ जाने से चालक ने कुछ देर के लिए प्रधानमंत्री की गाड़ी रोक दिया.


बता दें कि पीएम की सुरक्षा में चूक की बात सामने आने के बाद जांच में यह बात सामने आयी है कि एसएसपी आवास के सामने से रेडियम रोड जाने वाली मार्ग में बैरिकेडिंग नहीं की गई थी जबकि मंगलवार को डीजीपी और एडीजी अभियान ने रांची एयरपोर्ट से हिनू,अरगोड़ा,हरमू रोड,राजभवन और रेडियम रोड होते हुए बिरसा संग्रहालय तक सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था.


इस दौरान रेडियम रोड में सड़क किनारे बैरिकेडिंग कराने के लिए रांची एसएसपी को कहा था. इसके बाद भी रेडियम रोड में बैरिकेडिंग नहीं करायी गई. पीएम की गाड़ी के आगे देवघर की महिला आ गई. चालक की तत्परता से गाड़ी रुकी और एसपीजी की सुरक्षा ने महिला को हिरासत में लेकर रांची पुलिस को सौंप दिया. पुलिस की पूछताछ में महिला ने कबूल किया है कि नामकुम थाने में पदस्थापित एक पुलिसकर्मी से 10 वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी. लेकिन पुलिस कर्मी उस महिला को जीवनयापन के लिए कोई खर्च नहीं देता है. इसलिए वह पुलिस के वरीय अधिकारियों से शिकायत करने रांची आयी थी. मामले में उसके पति से भी पूछताछ की जायेगी.


मामले में एसएसपी ने 3 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है. निलंबित हुए पुलिसकर्मियों में एएसआई अबु जफर (पश्चिम सिंहभूम), हवलदार छोटेलाल टुडू (IRB – 10) और आरक्षी रंजन कुमार (IRB – 10) शामिल हैं. एसएसपी ने इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया है.

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें