'PM मोदी हमलोगों की करते हैं नकल'
केन्द्र सरकार पर भड़के लालू प्रसाद, रोजगार मेले पर दिया टका-सा जवाब
PATNA :आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद ने एकबार फिर केन्द्र सरकार पर तीखा तंज कसा है। नई दिल्ली से पटना पहुंचे लालू प्रसाद ने एयरपोर्ट पर मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार हमलोगों का नकल कर रही है।
'मोदी सरकार हमलोगों का करती है नकल'
लालू प्रसाद ने मोदी सरकार पर नकल करने की बात उसवक्त कही, जब मीडिया ने उनसे पूछा कि गुरुवार को पीएम मोदी 11वें रोजगार मेले में 50 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटेंगे। अभी तक 10 रोजगार मेले लग चुके हैं। दिसंबर तक दस लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है। अभी तक साढ़े छह लाख नियुक्ति पत्र बांटा जा चुका है। इस सवाल पर लालू प्रसाद ने बिफरते हुए कहा कि मोदी सरकार हमलोगों का नकल कर रही है।
'इसमें मोदी का क्या रोल है'
इसके साथ ही मंगलवार को उत्तरकाशी के टनल से 41 मजदूरों के सुरक्षित बाहर निकलने पर खुशी जतायी। हालांकि, इसके लिए उन्होंने पीएम मोदी को क्रेडिट देने के सवाल पर दो टूक अंदाज में कहा कि जो लोग इतना दिन के बाद निकला है, विदेश से कहां-कहां से लोग इन मजदूरों को निकालने के लिए पहुंचे थे, इसमें मोदी का क्या रोल है। टेक्निकल टीम ने सभी मजदूरों को सुरंग से बाहर निकाला है जो खुशी की बात है।
गौरतलब है कि नई दिल्ली से रवाना होते वक्त लालू प्रसाद ने हुंकार भरते हुए कहा था कि मोदी का खेल अब खत्म हो गया है। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में I.N.D.I.A गठबंधन की बंपर जीत होगी और सभी राज्यों में हमारी जीत पक्की है। सभी प्रदेशों से अच्छी रिपोर्ट सामने आ रही है। मोदी का खेल अब खत्म हो गया।
'नीतीश कुमार का नहीं है कोई मुकाबला'
वहीं, मीडिया ने जब ये पूछा कि बीजेपी द्वारा लगातार नीतीश कुमार पर उनके मानसिक संतुलन खराब होने का आरोप लगाया जा रहा है, इस पर लालू प्रसाद ने बुलंद आवाज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ की और कहा कि भाजपा फालतू की बातें करती है। नीतीश कुमार कोई मुकाबला है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।