BREAKING NEWS
PG नामांकन पर रोक से छात्रों में आक्रोश, BBMKU के फैसले के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी
बोकारो के सैकड़ों विद्यार्थियों के भविष्य पर संकट,छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से नामांकन प्रक्रिया तत्काल शुरू करने की मांग की
बोकारो: विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) की ओर से बोकारो के कॉलेजों में स्नातकोत्तर (PG) नामांकन प्रक्रिया पर अचानक रोक लगाए जाने से विद्यार्थियों में भारी नाराजगी है। विश्वविद्यालय के इस फैसले से PG में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे सैकड़ों विद्यार्थियों के सामने आगे की पढ़ाई को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। नाराज छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्णय को छात्र विरोधी बताते हुए नामांकन प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की है।
PGनामांकन पर रोक से बढ़ी छात्रों की परेशानी
विद्यार्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से PG में नामांकन की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन अचानक प्रक्रिया पर रोक लगाए जाने से उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है। छात्रों का सवाल है कि जब विश्वविद्यालय की ओर से सीटें बढ़ाने की बात कही जाती है, तो दूसरी तरफ बोकारो में PG की पढ़ाई के अवसर सीमित क्यों किए जा रहे हैं?
दूसरे शहरों में पढ़ाई करने की बढ़ेगी मजबूरी
छात्रों का कहना है कि यदि बोकारो के कॉलेजों में PG की पढ़ाई के अवसर बंद होते हैं, तो उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ सकता है। इससे विद्यार्थियों के साथ उनके परिवारों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों के लिए दूसरे शहरों में रहकर पढ़ाई करना मुश्किल हो सकता है।
प्राचार्य से कुलपति के समक्ष मामला उठाने की मांग
विद्यार्थियों ने बोकारो स्टील सिटी कॉलेज के मुख्य संरक्षक एवं प्राचार्य से इस मामले को विश्वविद्यालय प्रशासन और कुलपति के समक्ष गंभीरता से उठाने की अपील की है। छात्रों की मांग है कि PG नामांकन पर लगाई गई रोक तत्काल हटाई जाए और दाखिले की प्रक्रिया दोबारा शुरू की जाए, ताकि किसी भी विद्यार्थी का शैक्षणिक वर्ष बर्बाद न हो।
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही PG नामांकन प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। फिलहाल विद्यार्थियों की नजर विश्वविद्यालय प्रशासन के अगले फैसले पर टिकी है। अब देखना होगा कि BBMKU प्रशासन छात्रों की मांगों पर क्या निर्णय लेता है और बोकारो में PG नामांकन को लेकर बनी असमंजस की स्थिति कब तक दूर होती है।
बोकारो से संजीव कुमार सिंह की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।