पटना एसएसपी की कार्रवाई
मठ की जमीन विवाद में एक पक्ष का साथ देने के आरोप में नौबतपुर थानेदार निलंबित
पटना: मठ की जमीन से जुड़े विवाद में एक पक्ष का कथित तौर पर साथ देने के आरोप में नौबतपुर थानेदार मंजित ठाकुर पर बड़ी कार्रवाई की गई है. मामले की जांच के बाद पुलिस मुख्यालय के आदेश पर पटना एसएसपी ने थानेदार को निलंबित कर दिया है.
जानकारी के अनुसार,मामला नौबतपुर थाना क्षेत्र के पेनापुर स्थित मठ की जमीन के विवाद से जुड़ा है. आरोप है कि थानेदार मंजित ठाकुर खुले तौर पर एक पक्ष का साथ दे रहे थे. दूसरे पक्ष की ओर से पुलिस मुख्यालय में शिकायत किए जाने के बाद मामले की जांच कराई गई.
जांच के दौरान थानेदार की भूमिका और पक्षपात के आरोप सही पाए जाने की बात सामने आई. जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस मुख्यालय ने कार्रवाई का आदेश दिया,जिसके बाद पटना एसएसपी ने मंजित ठाकुर को निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया.
खबर के मुताबिक,मंजित ठाकुर के कार्यकाल को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। एक विदेशी महिला के साथ कथित चाकूबाजी के मामले में लापरवाही के आरोप के बाद भी उन्हें निलंबित किया गया था. इसके बावजूद बाद में उन्हें नौबतपुर थाने की कमान सौंपे जाने को लेकर सवाल उठे.इसके अलावा पत्रकारों के साथ कथित बदसलूकी को लेकर भी मंजित ठाकुर के खिलाफ शिकायत की गई थी.
स्थानीय लोगों की शिकायत पुलिस मुख्यालय तक पहुंची थी और तत्कालीन सिटी एसपी ने मामले की जांच भी की थी.मठ की जमीन विवाद मामले में निलंबन के बाद पुलिस महकमे में इस बात को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि शिकायतों और पूर्व कार्रवाई के बावजूद मंजित ठाकुर को नौबतपुर थाने की जिम्मेदारी कैसे दी गई. फिलहाल निलंबन के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।