Live

पटना से लापता 10वीं की छात्रा की लखनऊ में मौत

परिजनों ने तीन युवकों पर अपहरण,दुष्कर्म और हत्या का लगाया आरोप

A
archana singhलेखक

पटना:जिलेके बिहटा थाना क्षेत्र से 18 सितंबर को लापता हुई 10वीं कक्षा की छात्रा की लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा के परिजनों ने गांव के ही तीन युवकों शंकर राय, दुर्गा राय और लक्ष्मण कुमार पर अपहरण के बाद दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

परिजनों के अनुसार, छात्रा 18 सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे घर से निकली थी। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों का दावा है कि रात करीब 10 बजे वे बिहटा थाना पहुंचे,लेकिन उन्हें सुबह आने के लिए कहा गया।

19 सितंबर की सुबह करीब पांच बजे लखनऊ रेल पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि छात्रा आलमनगर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के समीप घायल अवस्था में मिली है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजन शव लेकर बिहटा पहुंचे और नामजद युवकों की गिरफ्तारी की मांग की। मृतका की मां ने थाने में शिकायत देकर अपहरण, दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

परिजनों के मुताबिक, छात्रा के घायल मिलने की जगह से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। परिवार ने दावा किया है कि मोबाइल नामजद आरोपियों में से किसी का हो सकता है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।

बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि 21 सितंबर को परिजनों ने मामले की जानकारी दी। लखनऊ रेल पुलिस से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पटना पश्चिमी सिटी एसपी साकेत कुमार ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें