पटना में गली विवाद ने लिया हिंसक रूप
सास की मौत और बहू का गर्भपात,ग्रामीणों ने NH-80 किया जाम
पटना: जिले की सीमा पर स्थित बाहापुर गांव में गली के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। आरोप है कि मखोरन महतो और उसके पुत्र सोनू महतो ने स्वजन के साथ मिलकर रामरूप मिस्त्री के घर पर हमला किया। धारदार हथियारों से किए गए हमले में एक ही परिवार के आठ लोग घायल हो गए।
घायलों में रामरूप मिस्त्री की पत्नी शांति देवी (65), उनके पुत्र विपुल कुमार, बहू आरती देवी, महेश मिस्त्री, उनकी पत्नी फूलो देवी, रौशन कुमार और मधु देवी समेत अन्य लोग शामिल बताए गए हैं। गंभीर रूप से घायल सभी लोगों को सूचना मिलने के बाद पचमहला पुलिस और ग्रामीणों की मदद से बड़हिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान शांति देवी की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल आरती देवी का इलाज लखीसराय में चल रहा था। रविवार सुबह उनका गर्भपात हो गया। घटना की सूचना गांव में पहुंचते ही लोगों में आक्रोश फैल गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतका के शव के साथ पटना-भागलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-80 को जाम कर दिया और वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हुआ।
घटना की सूचना पर पचमहला और मरांची थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कैंप कर रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के कारण गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।