Hindi News / सोन नदी में नाव से रंगदारी वसूली कर रहे अपराधियों से पुलिस की...

पटना : सोन नदी में नाव से रंगदारी वसूली कर रहे अपराधियों से पुलिस की मुठभेड़,दो गिरफ्तार

Edited By:  |
patna

पटना:बिहटा थाना क्षेत्र के परेव स्थित सोन नदी में नाव से रंगदारी वसूल रहे अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान दोनों तरफ से जमकर गोलीबारी हुई। गोलीबारी में एक अपराधी को गोली लग गई,जबकि पुलिस टीम में शामिल एक सब इंस्पेक्टर की बांह में भी गोली लगी है. दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

बालू कारोबारियों और नाविकों से रंगदारी वसूली करते धराए

बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि परेव सोन नदी में कुछ अपराधी नाव के जरिए बालू कारोबारियों और नाविकों से रंगदारी की वसूली कर रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की. पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए गोलीबारी की.

मुठभेड़ के दौरान दो अपराधी गिरफ्तार

मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी को गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया. वहीं,कार्रवाई के दौरान दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. गोली लगने से घायल सब इंस्पेक्टर को भी तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया,जहां उनका इलाज कराया जा रहा है.

रंगदारी वसूली में इस्तेमाल की जा रही नाव जब्त

पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल, एक राइफल, एक कार्बाइन और एक देशी कट्टा बरामद किया है. इसके अलावा अपराधियों द्वारा रंगदारी वसूली में इस्तेमाल की जा रही एक नाव भी पुलिस ने जब्त की है.

सोन नदी के आस-पास बढ़ी निगरानी

मुठभेड़ के बाद सोन नदी के आस-पास के इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है. गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रंगदारी वसूली के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट