Live

पटना

पहली बार बन रहा महाकालेश्वर मंदिर की तर्ज पर दुर्गा पूजा पंडाल,18 फीट ऊंची प्रतिमा होगी स्थापित

A
archana singhलेखक

पटना:दुर्गा पूजा की तैयारी जोर शोर से चल रही है. कारीगार एक से बढ़ कर एक पंडाल तैयार करने में जुटे हुए है. बिहार में पहली बार सम्पतचक में उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर की तर्ज पर भव्य दुर्गा पूजा पंडाल बनाया जा रहा है. करीब 108 फीट चौड़े और 108 फीट ऊंचे पंडाल में मां दुर्गा की 18 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी है.

खास बात ये है कि पंडाल में महाकालेश्वर मंदिर की तर्ज पर भगवान शिव का शिवलिंग और नंदी महाराज की स्थापना भी की जा रही है,जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र रहेगा.

सम्पतचक में करीब 57 वर्षों से दुर्गा पूजा का आयोजन होता आ रहा है. इस बार पूजा समिति ने भव्य आयोजन की तैयारी की है. पंडाल की डिजाइनिंग की जिम्मेदारी पटना सिटी के आर्टिस्ट इशू भाई को दी गई है, जबकि पंडाल और लाइटिंग का काम सतेंद्र टेंट हाउस और साउंड की जिम्मेदारी राजगुरु टेंट हाउस को दी गई है. पूरे सम्पतचक बाजार में करीब 3 किलोमीटर के इलाके में आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है.पूजा आयोजन का अनुमानित बजट करीब 40 से 45 लाख रुपये बताया जा रहा है.

पिछले साल वृंदावन के प्रेम मंदिर की तर्ज पर पंडाल बनाया गया था, जिसे समिति के मुताबिक पटना में खास आकर्षण मिला था. इस बार महाकालेश्वर मंदिर की थीम पर पंडाल तैयार किया जा रहा है. नवरात्रि की सप्तमी से दशमी के बीच यहां लाखों श्रद्धालुओं और करीब 50 गांवों से आने वाले लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. इसके साथ ही पिछले साल की तरह इस बार भी मगही और भोजपुरी कलाकारों के कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे.

पूजा समिति की ओर से साफ-सफाई की व्यवस्था में नगर परिषद सम्पतचक के अध्यक्ष अमित कुमार और अध्यक्ष प्रतिनिधि ऋषव राज उर्फ बंटू का सहयोग बताया गया है. वहीं, विजयादशमी के बाद 11वीं को हाथी, घोड़े, ऊंट, मंडरा और झारखंड से बुलाए गए बैंड के साथ भव्य विसर्जन जुलूस निकाला जाएगा.

जुलूस सम्पतचक बाजार से अब्दुल्लाहचक होते हुए बैरिया पहुंचेगा और इसके बाद सोहगी, फतेहपुर, गौरीचक होते हुए पुनपुन नदी तक जाएगा, जहां मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा.

इस बार सम्पतचक में आस्था के साथ भव्यता का भी संगम देखने को मिलेगा—महाकालेश्वर की तर्ज पर बन रहा ये पंडाल श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बनने जा रहा है.

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें