JHARKHAND CRIME
पलामू में काली पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान हिंसक झड़प, जमकर हुई पत्थरबाजी; पुलिसकर्मी भी घायल
सिंदुरिया गांव में दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद, पुलिस वाहन के शीशे टूटे;एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात
पलामू: पलामू जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत लहलहे पंचायत के सिंदुरिया गांव में काली पूजा की प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और पत्थरबाजी में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों के साथ पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की सूचना है। वहीं, पत्थरबाजी में पुलिस वाहन के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।
कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव
मिली जानकारी के अनुसार, काली पूजा की प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हिंदू समुदाय के दो अलग-अलग वर्गों के लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई। कुछ ही देर में दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी होने लगी, जिससे कई लोग घायल हो गए।
पुलिस पर भी हुई पत्थरबाजी,वाहन क्षतिग्रस्त
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ राजेश यादव और सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान हुई पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं। उपद्रव के दौरान पुलिस वाहन के शीशे भी टूट गए।
गांव में पुलिस बल तैनात,स्थिति पर नजर
सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्थानीय लोगों के बीच आपसी झड़प की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पथराव में कई लोग और पुलिसकर्मी चोटिल हुए हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। हालांकि, विवाद के वास्तविक कारणों, घायलों की सटीक संख्या और घटना में शामिल लोगों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।