Live

'बालू माफियाओं को कौन दे रहा संरक्षण'

चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री से पूछे तीखे सवाल, CM नीतीश के नेतृत्व पर उठाए सवाल

P
Prasoon Pandeyलेखक

JAMUI : जमुई के गढ़ी थाना के अपर थानाध्यक्ष प्रभात रंजन की बालू माफिया द्वारा ट्रैक्टर से रौंद कर की गई हत्या के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। इस मामले पर अब जमुई के सांसद और लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने नीतीश सरकार को घेरा है और तीखा हमला किया है।

चिराग पासवान का प्रहार

चिराग पासवान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा किया है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से तीखे सवाल पूछे हैं। चिराग पासवान ने लिखा है कि मुख्यमंत्री जी, राज्य में बालू तस्करों का तांडव सिर चढ़ कर बोल रहा है। ऐसे में सवाल आपके नेतृत्व पर भी उठते हैं कि क्या ये सब आपके संरक्षण में हो रहा है? और नहीं तो अब तक कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए। अवैध बालू खनन से कहीं नदी में डूबने से मौत हो रही है तो कहीं अनियंत्रित वाहन सुरक्षाबलों को कुचल रहे हैं। जरूरी है कोई ठोस कदम उठाकर बिहारियों की जान बचाई जाए।

इसके साथ ही चिराग पासवान ने एक पोस्ट साझा किया है और लिखा है कि मेरे संसदीय क्षेत्र जमुई के गढ़ी में बालू लदे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर से दरोगा प्रभात रंजन जी की मौत हो गई एवं होमगार्ड के एक जवान गंभीर रूप से घायल हैं। मैं मृत दारोगा के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायल जवान के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

बालू माफिया ने ट्रैक्टर से रौंदा

गौरतलब है कि मंगलवार की सुबह गश्त के दौरान दारोगा प्रभात रंजन को बालू माफिया ने ट्रैक्टर से रौंद दिया था, जिसके बाद उनकी मौत हो गयी थी। वहीं, इस दौरान वहां मौजूद एक होमगार्ड का जवान भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। बता दें कि मूल रूप से वैशाली जिले के रहने वाले प्रभात रंजन 2018 बैच के सब इंस्पेक्टर थे।

बता दें कि आज सुबह गश्ती के दौरान दारोगा को बालू लदे ट्रैक्टर ने कुचल दिया था, जिसमें उनकी मौत हो गई, वहीं साथ में मौजूद होमगार्ड जवान भी गंभीर रूप से घायल हो गया था।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें