Live

'देश का इतिहास बदलने वालों को बदल देंगे हम'

CPI की महारैली में नीतीश ने भरी हुंकार, भाकपा नेताओं से की खास गुजारिश

P
Prasoon Pandeyलेखक

PATNA :बिहार की राजधानी पटना के मिलर हाईस्कूल के मैदान में आयोजित CPI की महारैली में गरजते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केन्द्र सरकार पर जमकर प्रहार किया। इसके साथ ही उन्होंने CPI के वरिष्ठ नेताओं से एक खास गुजारिश की, जिसकी चर्चा अब सियासी गलियारे में खूब होने लगी है।


केन्द्र सरकार पर किया प्रहार

CPI की महारैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केन्द्र सरकार पर सीधा प्रहार किया और कहा कि जो केन्द्र में सरकार है, उसका आजादी की लड़ाई से कोई लेना-देना नहीं है। ये लोग अब बापू यानी महात्मा गांधी से जुड़ी यादों को ख़त्म कर देना चाहते हैं लिहाजा हमलोगों ने एकजुट होने का फैसला लिया ताकि देश के इतिहास को बदलने वालों को बदल दिया जाए।


इसके साथ ही नीतीश कुमार ने बीजेपी को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि हिन्दू-मुस्लिम में कोई झंझट नहीं है लेकिन ये हमेशा विवादित बयान देते रहते हैं और विवाद को हवा देते हैं। हिन्दू और मुस्लिम तो सब एक है। अब पूरे देश को एकजुट करना है।


"बिहार में 95 फीसदी लोगों को किया एकजुट"

CPI के मंच से नीतीश कुमार ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि एकबात जान लीजिए, मैंने बिहार में 95 फीसदी लोगों को एकजुट किया है। पहले तो गड़बड़ करने वाले लोग होते ही थे। इसके साथ ही नीतीश कुमार ने एकबार फिर मीडिया को कहा कि हम आपलोगों के प्रशंसक हैं। हम आपकी शिकायत नहीं बल्कि अभिनंदन करते हैं।

'CPI से रिश्ता मेरा काफी पुराना'

CPI से खुद के रिश्ते पर बोलते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि आपकी पार्टी से मेरा बहुत पुराना रिश्ता है। साल 1987 में जब हम विधानसभा का चुनाव लड़ रहे थे तब आपने सपोर्ट नहीं किया था लेकिन मेरे इलाके में CPI, CPM के लोग मेरी खूब मदद कर रहे थे इसलिए मेरा रिश्ता तो काफी पुराना है। आपकी इज्जत तो हमलोग करते रहेंगे। हमलोग तो सोशलिस्ट हैं।

महिलाओं की बड़ी तादाद देख हुए खुश

वहीं, रैली में बड़ी तादाद में पहुंची महिलाओं का नीतीश कुमार ने अभिनंदन किया और कहा कि मुझे बेहद खुशी है कि यहां बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी है। अब CPI कैडर में महिलाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, ये देखकर मुझे बेहद खुशी हो रही है लिहाजा मैं आपका अभिनंदन करता हूं। इस दौरान सीएम नीतीश कुमार ने ताली बजाकर सभी महिलाओं का स्वागत किया।

CPI नेताओं से सीएम नीतीश ने की गुजारिश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने CPI के वरिष्ठ नेताओं से कहा कि मैं तो आग्रह करता हूं कि CPI और CPM एकसाथ आ जाएं। पहले तो सब एक ही था लेकिन अब दो हिस्सा में हो गया लिहाजा एकबार आपलोग जरूर सोचिए। मुझे आपने इस रैली में बुलाया लिहाजा मैं पूरी तौर पर आपके साथ हूं।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें