निजी क्लिनिक में महिला की मौत पर हंगामा
आक्रोशित परिजनों ने नर्सिंग होम के कर्मियों व संचालक पर लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप
धनबाद : खबर है धनबाद की जहां शहर के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के एक निजी क्लीनिक TRANQUIL में शुक्रवार की सुबह महिला की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया. परिजनों का आरोप है कि इलाज में लापरवाही की वजह से महिला की मौत हुई है.
घटना के संबंध में बताया जाता है कि झरिया बनियाहीर चार नंबर निवासी आयशा खातून को पेट संबंधी कुछ परेशानियां हुई थी. जिसके बाद गुरुवार की शाम उन्हें बैंक मोड़ के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया. मरीज को भर्ती कराने के बाद कोई सीनियर डॉक्टर उनका इलाज करने नहीं आया. सुबह में जब उनकी तबीयत बिगड़ने लगी तब नर्सिंगहोम कर्मियों तथा चिकित्सक मरीज को रेफर करने की बात कहने लगे. परंतु परिजन मरीज की गंभीर स्थिति को देखकर कहीं और जाने को तैयार नहीं हुए. थोड़ी देर बाद मरीज की मौत हो गई. जिससे आक्रोशित परिजनों ने नर्सिंग होम के कर्मियों व संचालक पर गंभीर आरोप लगाए.
परिजनों का यह भी कहना है कि मरीज की स्थिति इतनी गंभीर नहीं थी कि उनकी मौत हो जाए. परंतु चिकित्सकों की लापरवाही और गलत इलाज की वजह से उनकी मौत हुई है.
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।