JHARKHAND NEWS
NH पर आवारा पशु दिखें तो 1033 पर करें कॉल, NHAI ने वाहन चालकों से की अपील
रांची : राष्ट्रीय राजमार्गों एवं एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से विशेष अपील की है. प्राधिकरण ने कहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर कहीं भी आवारा पशु या अन्य जानवर दिखाई देने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1033 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
NHAI के क्षेत्रीय कार्यालय, रांची की ओर से 2 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राजमार्गों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है. ऐसे में सड़क उपयोगकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सकता है.
प्राधिकरण ने कहा कि हेल्पलाइन नंबर 1033 पर प्राप्त सूचना संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी. इसके बाद NHAI की टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. इस पहल का उद्देश्य राजमार्गों पर आवारा पशुओं की समय पर पहचान कर उन्हें हटाने की कार्रवाई करना तथा यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना है.
NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवारा पशुओं की मौजूदगी सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण बन सकती है. उन्होंने वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से आग्रह किया कि राजमार्ग पर आवारा पशु दिखाई देने पर बिना विलंब हेल्पलाइन नंबर 1033 पर सूचना दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
NHAI ने सभी सड़क उपयोगकर्ताओं से सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने और आवारा पशुओं की सूचना हेल्पलाइन नंबर 1033 पर देकर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है.
रांची से राजीव मोहन श्रीवास्तव की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।