Hindi News / पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में जोरदार हंगामा,सांसद ने लगाए हत्या की साजिश...

नई दिल्ली : पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में जोरदार हंगामा,सांसद ने लगाए हत्या की साजिश आरोप

Edited By:  |
new delhi

नई दिल्ली: पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के दिल्ली स्थित आधिकारिक आवास पर रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अचानक हंगामा और धक्का-मुक्की की घटना सामने आई। प्रेस वार्ता के दौरान एक व्यक्ति ने सांसद से भगवा वस्त्र और भगवान राम की तस्वीर को लेकर सवाल पूछा, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। देखते ही देखते बहस बढ़ गई और वहां मौजूद लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

घटना के बाद पप्पू यादव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संबंधित व्यक्ति उन पर चाकू से हमला करने की नीयत से उनके घर में घुसा था। उन्होंने इसे अपनी हत्या की साजिश बताते हुए सवाल उठाया कि कोई व्यक्ति उनके आधिकारिक आवास तक इस तरह कैसे पहुंच गया। सांसद के समर्थकों ने आरोपी को पकड़ लिया, जिसके बाद उसके साथ मारपीट भी हुई।

मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि आरोपी हमला करने की कोशिश कर रहा था। घटना की सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आरोपी किस उद्देश्य से वहां पहुंचा था और उसके पास कोई हथियार था या नहीं।

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, पप्पू यादव ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।