Live

नेपाल में लगातार बारिश से बढ़ा गंडक का जलस्तर

बाल्मीकिनगर बराज में साढ़े पांच लाख क्यूसेक पानी पहुंचने की आशंका,प्रशासन अलर्ट

A
archana singhलेखक

BIHAR NEWS:नेपाल में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण गंडक नदी की जलधारा में तेजी से बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। बाल्मीकिनगर बराज में पानी का डिस्चार्ज सवा चार लाख क्यूसेक तक पहुंच चुका है। वहीं,नेपाल के देवनगर में लगातार बढ़ रहे जलस्राव को देखते हुए आने वाले घंटों में गंडक नदी के जलस्तर में और वृद्धि की आशंका है। अनुमान है कि बाल्मीकिनगर बराज में पानी का डिस्चार्ज करीब साढ़े पांच लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है।

इससे पहले भी गंडक में करीब 5 लाख 62 हजार क्यूसेक पानी पहुंच चुका है। संभावित स्थिति को देखते हुए नदी के आसपास के इलाकों में लोगों को अलर्ट कर दिया गया है। प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों को 24 घंटे चौकसी बरतने तथा जलस्तर पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया है।

डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने लोगों से अपील की है कि वे किसी तरह की दहशत में न आएं,लेकिन पूरी तरह सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि सोमवार तक जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना बनी हुई है,इसलिए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

अधिकारियों को किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति की तत्काल सूचना देने और जरूरत पड़ने पर समय रहते आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन संभावित जलस्तर वृद्धि को लेकर लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है।

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें