नेपाल में जलप्रलय से 165 मौतें,826 लापता : बिहार-यूपी सीमा पर हाई अलर्ट,गंडक के बढ़ते जलस्तर ने बढ़ाई चिंता
नेपाल में भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों में आई विनाशकारी फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचा दी है। नेपाल से सामने आ रही जानकारी के मुताबिक अब तक 165 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 826 से ज्यादा लोग लापता हैं। लापता लोगों में बड़ी संख्या पर्यटकों की बताई जा रही है। बाढ़ ने सड़कों, पुलों, जलविद्युत परियोजनाओं और अन्य बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचाया है।
नेपाल में आई इस भीषण आपदा के बाद बिहार और उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे इलाकों में अलर्ट बढ़ा दिया गया है। नेपाल से आने वाली नदियों के जलस्तर और संभावित जलप्रवाह पर प्रशासन लगातार नजर रख रहा है। बिहार में खास तौर पर पश्चिम चंपारण और गंडक नदी क्षेत्र को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
नेपाल की बाढ़ का असर बिहार की नदियों पर पड़ने की आशंका के बीच अधिकारियों को तटबंधों, बांधों और संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए राहत और बचाव दलों को तैयार रखा गया है।
सीमावर्ती क्षेत्रों में ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन का फोकस निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा, समय पर सूचना और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत-बचाव अभियान शुरू करने पर है।
नेपाल में जारी तबाही के बीच बिहार सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। आने वाले घंटों में नेपाल से आने वाले पानी और गंडक समेत प्रमुख नदियों के जलस्तर की स्थिति बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट