NATIONAL NEWS
NEET 2024 परीक्षा प्रश्न पत्र लीक जांच की आंच झारखंड तक !
NEET 2024 परीक्षा में बिहार पुलिस ने 19 लोगों को किया गिरफ्तार, झारखंड तक पहुंच सकती है आंच
रांची. NEET 2024 के घोषित नतीजे के बाद मचे बवाल की जांच अब बिहार तक पहुंच गयी है. झारखंड में भी बिहार सिंडिकेट की तलाश जारी है. नीट-2024 की परीक्षा के पहले प्रश्न पत्र लीक की जांच की आंच झारखंड भी पहुंच सकती है. बिहार पुलिस ने नीट पेपर लीक मामले में 19 लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें पटना से 14 को, पूर्णिया से चार और एक व्यक्ति को गोपालगंज से गिरफ्तार किया गया है. इन पर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की तरफ से लिये गये नीट-2024 प्रवेश परीक्षा में दूसरे उम्मीदवारों की जगह परीक्षा देने का गंभीर आरोप है. इस मामले में एक आरोपी का कबूलनामा भी सामने आया है. आरोपी आयुष ने पुलिस के सामने कबूल किया है कि परीक्षा के दौरान सभी सवाल एक ही थे, जो उन्हें पहले उपलब्ध कराये गये थे. आरोपी ने बताया कि उसके साथ 20-25 अन्य परीक्षार्थी भी थे, जिन्हें प्रश्नपत्र दिए गए और उन्होंने उत्तरों के साथ उसे रट लिया. बिहार पुलिस को जले हुए प्रश्नपत्र भी मिले थे.
जले हुए प्रश्नपत्रों की बरामदगी पर बिहार पुलिस का कहना है कि जो प्रश्नपत्र बरामद किए हैं, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह लीक हुआ पेपर था या नहीं, क्योंकि एनटीए ने इस संबंध में अपना कोई पक्ष नहीं दिया है. जांच में पता चला है कि पेपर बिहार के मध्य प्रदेश और गुजरात से आया था. पुलिस ने बताया कि पेपर लीक मामले में सबसे पहले सिकंदर नाम के शख्स को पकड़ा गया था, उसके बारे में उन्हें इनपुट मिले थे. सिकंदर से पूछताछ के बाद दूसरे आरोपियों तक पहुंचने का रास्ता साफ हो गया.
उधर सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में गुरुवार, 14 जून को अहम फैसला सुनाया. सुप्रीम कोर्ट ने ग्रेस मार्क्स को रद्द करते हुए दोबारा परीक्षा देने का विकल्प खोल दिया. हालांकि सभी को दोबारा परीक्षा देने का मौका नहीं मिलेगा. एनटीए ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि 6 सेंटरों पर 1,563 छात्रों का समय बर्बाद हुआ. इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं से कहा कि एनटीए ने आपकी बात मान ली है और वे ग्रेस मार्क्स हटा रहे हैं. इन छात्रों को दोबारा होने वाली नीट परीक्षा में शामिल होने का विकल्प दिया गया है. हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हर छात्र दोबारा परीक्षा के लिए आवेदन नहीं कर पाएगा. केवल वे छात्र ही पुनः परीक्षा दे सकेंगे जिनका समय कम कर दिया गया था.
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।