Hindi News / पति व सास पर हत्या का आरोप,शराब के नशे में अक्सर करता था...

नवादा में विवाहिता की संदिग्ध मौत : पति व सास पर हत्या का आरोप,शराब के नशे में अक्सर करता था प्रताड़ित

Edited By:  |
nawada mein vivahita ki sandigdh mout

नवादा:नरहट थाना क्षेत्र के मिल्की गांव में 25 वर्षीय विवाहिता विनिता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. विवाहिता के पिता ने अपनी बेटी की हत्या कर साक्ष्य छुपाने के लिए शव को फांसी से लटकाने का आरोप लगाया है. पति सोनू कुमार और सास लटनी देवी पर हत्या का आरोप लगा है. उन्होंने बताया कि करीब पांच वर्ष पूर्व विनिता की शादी हुई थी,लेकिन शादी के बाद से ही उसे अक्सर परेशान किया जाता था. आरोप है कि पति शराब के नशे में अक्सर मारपीट और प्रताड़ित करता था.

दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग

युवती के पिता का कहना है कि शनिवार रात भी उनकी बेटी के साथ बेरहमी से मारपीट की गई,जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी से लटका दिया गया. उन्होंने आरोप लगाया है कि इस घटना में पति सोनू कुमार और उसकी मां लटनी देवी की मुख्य भूमिका है और दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट व साक्ष्यों के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

विनिता अपने पीछे तीन वर्ष के एक मासूम बेटे को छोड़ गई है. घटना के बाद मायके पक्ष में शोक और आक्रोश का माहौल है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहालआरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.