Live

मुजफ्फरपुर में STF और पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जाली नोटों के अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़,छह आरोपी गिरफ्तार

A
archana singhलेखक

मुजफ्फरपुर: बिहार में जाली नोटों के कारोबार के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। बिहार STF और मुजफ्फरपुर जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मोतीपुर थाना क्षेत्र से जाली नोटों की तस्करी में शामिल अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 71 हजार 200 रुपये मूल्य के जाली भारतीय नोट यानी FICN, बच्चों के मनोरंजन के लिए इस्तेमाल होने वाले बड़ी संख्या में नकली नोट, एक चार पहिया वाहन और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 27 सितंबर 2026 को मोतीपुर थाना क्षेत्र में विशेष अभियान के दौरान की गई। STF को सूचना मिली थी कि जाली नोटों की एक बड़ी खेप की डिलीवरी होने वाली है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. साबिर, सुरेश राय, कृष्णा पटेल, राहुल सिंह, साधु साहनी और बीरेन्द्र पासवान के रूप में हुई है।फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 71 हजार 200 रुपये मूल्य के जाली भारतीय नोट बरामद किए गए। इसके अलावा बच्चों के खेलने वाले नकली नोट भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद मनोरंजन बैंक के नोटों में 500 रुपये के 1,311 नोट, 200 रुपये के 1,184 नोट और 100 रुपये के 1,153 नोट शामिल हैं। इनकी कुल अंकित राशि 1 लाख 7 हजार 600 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने एक चार पहिया वाहन और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जाली नोटों की खेप आरोपियों तक कहां से पहुंची और इस नेटवर्क का कनेक्शन दूसरे जिलों, राज्यों या सीमा पार किसी नेटवर्क से है या नहीं।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें