मुजफ्फरपुर में गैस पाइप लाइन फटने से हादसा : जोरदार आवाज के साथ रिसाव,मची भगदड़,5 छात्राएं बेहोश
मुजफ्फरपुर: जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र के रोहुआ में बुडको द्वारा नाला निर्माण को लेकर जेसीबी से हो रही खुदाई के दौरान गैस पाइप लाइन फटने से हादसा हो गया. जोरदार आवाज के साथ गैस का रिसाव होने लगा,जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. वहीं,गैस रिसाव से कुछ ही दूरी पर स्थित स्कूल के कैम्पस में मौजूद करीब आधा दर्जन छात्राएं बेहोश हो गई. घायल छात्राओं को आनन फानन में मुशहरी PHC में भर्ती कराया गया. वहां से सभी को SKMCH में शिफ्ट कर दिया गया.
बेहोश छात्राओं की पहचान विश्राम सिंह प्लस-2 विद्यालय 10 वीं की छात्रा दीपा,नाहिदा,अमृता,राशि और 11 वीं की छात्रा विशाखा के रूप में हुई है. मौके पर IOCL के अधिकारी के साथ स्थानीय थाना की टीम पहुंची. वहीं,आनन फानन में अग्निशमन की कई गाड़ियां भी पहुंची.
घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जेसीबी से काम चल रहा था, तभी अचानक जोरदार आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया, पल भर में मौके पर धुआं जैसे अंधेरा छाने लगा. लोग इधर-उधर भागने लगे. वहीं, बगल में विश्राम सिंह प्लस-2 स्कूल में कैंपस में मौजूद 5 छात्राएं बेहोश हो गई.वहीं,स्थिति को देखते हुएबगल के एक मीडिल स्कूल में तत्काल छुट्टी कर दिया गया. बेहोश छात्राओं को मुशहरी PHC भेजा गया. वहां से SKMCH में भर्ती कराया गया.