मुजफ्फरपुर
पताही एयरपोर्ट पर टर्मिनल भवन निर्माण शुरू,रनवे विस्तार की तैयारी,जल्द 19 सीटर छोटे विमानों की सेवा संभावित
मुजफ्फरपुर:जिले के पताही हवाई अड्डे से छोटे विमानों की सेवा शुरू करने की दिशा में निर्माण कार्य तेज हो गया है। एयरपोर्ट परिसर में टर्मिनल भवन और चहारदीवारी का निर्माण शुरू कर दिया गया है। कानपुर की एजेंसी ने टर्मिनल भवन के लिए पाइलिंग और पिलर निर्माण का काम शुरू किया है। निर्माण सामग्री भी मौके पर पहुंचा दी गई है। रनवे की मरम्मत का काम भी जारी है।
पहले चरण में एयरपोर्ट के विकास पर करीब 40 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यहां टैक्सी-वे, पार्किंग वे, एटीसी टावर, ऑपरेशन भवन और फायर स्टेशन समेत कई जरूरी सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही प्रशिक्षण उड्डयन केंद्र खोलने की भी योजना है। रनवे, टैक्सी-वे, एप्रन और अन्य एयरसाइड निर्माण कार्यों पर करीब 43 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की बात कही गई है।
यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक प्री-फैब्रिकेटेड स्टील स्ट्रक्चर वाला टर्मिनल भवन बनाया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा को देखते हुए एयरपोर्ट परिसर की चारों तरफ से घेराबंदी कर दी गई है और बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
वर्तमान में पताही एयरपोर्ट के रनवे की लंबाई 1050 मीटर है। इसे करीब 150 मीटर बढ़ाकर लगभग 1200 मीटर किए जाने की संभावना है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की टीम ने इसका सर्वे कर नक्शा तैयार किया है। 19 सीटर विमान सेवा के लिए यह रनवे पर्याप्त बताया गया है। एयरपोर्ट का विकास केंद्र की उड़ान योजना के तहत क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।