मुजफ्फरपुर : कांटी रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध परिस्थिति में मिला मजदूर का शव
मुजफ्फरपुर: जिले के कांटी रेलवे स्टेशन से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रविवार सुबह एक श्रमिक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है. मृतक की पहचान कांटी प्रखंड के कुशी हरपुर होरिल गांव निवासी विपुल कुमार उर्फ विजन के रूप में हुई है.
डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची
रविवार की सुबह कांटी रेलवे स्टेशन परिसर में टहलने निकले लोगों की नजर एक युवक के शव पर पड़ी. देखते ही देखते घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी रेलवे पुलिस को दी.
जीआरपीएफ और रेल पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
इसके बाद जीआरपीएफ और रेल पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. शव की तलाशी के दौरान एक कीपैड मोबाइल बरामद हुआ, जिसके आधार पर मृतक की पहचान कुशी हरपुर होरिल गांव निवासी विपुल कुमार उर्फ विजन के रूप में हुई.
मजदूरी कर परिवार चलाता था मृतक
पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बताया जा रहा है कि विपुल कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि उसका भाई टाटा शहर में मजदूरी करता है.
रेलवे पुलिस हर पहलू पर कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. फिलहाल रेलवे पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.